– शासकीय हाईस्कूल बड़ापुरा में हुआ कार्यक्रम
भिण्ड, 11 फरवरी। अटेर विकास खण्ड के शा. हाईस्कूल बड़ापुरा में पदस्थ प्राचार्य राजेश तिवारी, शासकीय प्राथमिक विद्यालय नरीपुरा, तोर का पुरा, बड़ेरी का पुरा के शिक्षक मुन्नालाल गर्ग, विजय सिंह जाटव, सत्यनारायण बघेल सेवानिवृत हुए। उनके सम्मान में शा. हाईस्कूल बड़ापुरा परिसर में भव्य सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
विदाई एवं सम्मान कार्यक्रम में जनशिक्षा केन्द्र के अंतर्गत आने वाले सभी संस्था प्रधानों एवं शिक्षकों द्वारा प्राचार्य राजेश तिवारी का माल्यार्पण शॉल श्रीफल एवं उपहार प्रदान कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में डॉ. परमाल सिंह ने कहा कि आपने एक आदर्श शिक्षक एवं कुशल मार्गदर्शक के रूप में कार्य करते हुए विद्यालय को एक आकर्षक स्वरूप में विकसित किया है। कार्यक्रम का संचालन कर रहे बरुण सिंह भदौरिया ने कहा कि आप एक कुशल प्रशासक के रूप में संस्था प्रधानों के साथ सामंजस्य एवं समन्वय स्थापित कर पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा व ईमानदारी के साथ सबको साथ लेकर चलते हुए कार्य करने की कला के धनी रहे।
प्राचार्य राजेश तिवारी ने कहा कि आप सभी के द्वारा मेरे कार्यकाल में जो सहयोग और स्नेह प्रदान किया है उसका मैं आजीवन ऋणी रहूंगा। शिक्षक समाज की धुरी होता है। अत: आप सभी अपने-अपने कार्य क्षेत्र में शिक्षा में नवाचार करते हुए एक सशक्त समाज का निर्माण करें। सेवानिवृत प्राचार्य राजेश तिवारी द्वारा विद्यालय हमेशा रोशन एवं जगमगाता रहे इस हेतु विद्यालय में इनवर्टर एवं बैटरी क्रय करने हेतु अपनी पत्नी गीता तिवारी एवं पुत्री इला तिवारी के कर कमलों द्वारा 21000 नगद दान स्वरूप विद्यालय के नवीन प्राचार्य डॉ. राजेश मुखरैया को प्रदान किए गए। अंत में जनशिक्षक सत्यभान गुर्जर ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में शैलेन्द्र सिंह पाल, अरविंद गोयल, धर्म सिंह, सत्यनारायण बघेल, मनोज पांडे, मनोज शर्मा अनूप पांडे, पारुल जैन, गिरिजा देवी, राधा तिवारी, वीरेन्द्र मिश्रा, अंजली मिश्रा, मनीष मिश्रा, अनुज भदौरिया, नीलकंठ बघेल, रामसिंहासन शर्मा, जगन्नाथ सिंह, केजी शर्मा, राजीव भदौरिया, ओपी यादव, धर्मेन्द्र तिवारी, दामोदर दीक्षित, राजेश शर्मा, सीमा भदौरिया, सत्यभान गुर्जर, शंकर दयाल शर्मा, सुरेन्द्र गौतम, अनुपम भदौरिया, राजेन्द्र दीक्षित, शिवकुमार सिंह, निरुपम त्रिपाठी, सुनील सक्सेना, श्रेष्ठा शर्मा, अरविन्द गोयल, अतुल ऑस्कर सहित जन शिक्षा केन्द्र बड़ापुरा के संस्था प्रधान एवं शिक्षक उपस्थित रहे।


