– हरिहरेश्वर बड़ी माता मन्दिर पर गुरूवार को लग्न पत्रिका लगुन लिखी गई
भिण्ड, 05 फरवरी। आगामी 15 फरवरी महाशिवरात्रि के अवसर पर आलमपुर नगर वासियों द्वारा नगर में भव्य शिव बारात निकाली जाएगी और हरिहरेश्वर बड़ी माता मन्दिर पर सभी रस्मों के साथ भगवान शिवजी एवं माता पार्वती का विवाह संपन्न होगा। आयोजकों द्वारा शिव विवाह की तैयारियां शुरू कर दी गई है।
इसी क्रम में गुरूवार शाम को हरिहरेश्वर बड़ी माता मन्दिर पर पं. ब्रजेश कुमार पाण्डेय द्वारा नगर के विद्वानों एवं लोगों की उपस्थिति में विधिवत रूप से शिव पार्वती विवाह की लग्न पत्रिका (लगुन) लिखी है। जिसमें नगर के लोगों सहित महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर महिलाएं ढोलक के साथ मंगल गीत भी गा रही थी। लग्न पत्रिका लिखने के पश्चात कार्यकर्ताओं द्वारा भगवान शिवजी की बारात हेतु देवी देवताओं को आमंत्रण पत्र समर्पित किए गए।
भगवान शिवजी एवं माता पार्वती के विवाह के दौरान तेल, मण्डप, टीका, जयमाला कार्यक्रम सहित अन्य सभी रश्में पूर्ण की जाएगी। जो एक वैवाहिक कार्यक्रम में संपन्न होती है। महाशिवरात्रि के पर्व पर निकलने बाली महादेव की बारात के साथ अन्य देवी देवताओं की भव्य झांकियां भी निकाली जाएगी। शिव बारात में आलमपुर सहित ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों भक्त गण शामिल होंगे।


