– बीच बचाओ कराने आए 11 साल के बेटे का सिर फोड़ा
भिण्ड, 14 जनवरी। मौ थाना क्षेत्र के सौरा गांव में ट्यूबवैल पर 45 वर्षीय किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात की वजह मृतक के भाई से आरोपियों की पुरानी रंजिश बताई जा रही है। इस वारदात में मृतक 11 वर्षीय बेटे पर भी जानलेवा हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुससार राजकुमार उर्फ छुन्ना गुर्जर उम्र 45 वर्ष अपने परिवार के साथ गांव के बाहर खेत पर बने मकान में रहता था। घटना के वक्त वह अपने 11 वर्षीय बेटे शिवम के साथ खेत पर ही था। रात के समय मालनपुर निवासी रूपसिंह धोबी और लक्ष्मण सिंह धोबी वहां पहुंचे और घर पर हमला बोल दिया। दोनों ने राजकुमार को गालियां दीं। जब उसने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे बारी-बारी से दो गोलियां मार दीं। घटना के दौरान राजकुमार का 11 साल का बेटा शिवम भी वहीं मौजूद था। उसने अपने पिता को बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके सिर में डंडा मार दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शव को रात में ही मौ कस्बे के पीएम हाउस में रखवाया गया है।
बताया गया है कि मृतक राजकुमार का भाई रामवीर सिंह गुर्जर एक मामले में सेंट्रल जेल में बंद था। जेल में ही उसकी दोस्ती आरोपी रूप सिंह धोबी से हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय तक दोस्ताना रहा, लेकिन बाद में किसी बात पर विवाद हो गया था। जिसके बाद उसने इस हत्या को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


