भिण्ड, 13 जनवरी। अड़ोखर खण्ड अंतर्गत मंडल अड़ोखर का विराट हिंदू सम्मेलन अजी मां गार्डन में संपन्न हुआ। जिसकी अध्यक्षता 1008 रामदास महाराज दंदरौआ सरकार ने की। 1008 शांतिदास महाराज, आजी मां शक्तिपीठ के संत 1008 गुरुदेव गिरी, मुख्य अतिथि कृष्णकाता तोमर एवं मुख्य वक्ता रामवीर सिंह कौरव आदि की उपस्थित में सम्मेलन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का प्रारंभ भारत माता पूजन के उपरांत अतिथियों का परिचय अभिलाख सिंह ने कराया। संचालन रघुराज सिंह सिकरवार ने किया। प्रारंभ में सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अड़ोखर के भैया बहनों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
मुख्य अतिथि कृष्णकांता तोमर ने नारी सशक्तिकरण पर प्रभावी उदबोधन दिया। जिसमें उपस्थित जन समुदाय ने ताली बजाकर जोश भर दिया। वर्तमान में समाज में चुनौतियां, कुटुंब प्रबोधन एवं पर्यावरण बड़ा सुंदर विषय रखा, जो वर्तमान में आवश्यक है। मुख्य वक्ता रामवीर सिंह ने संगठन की रीति नीति एवं उसकी उपयोगिता को समझाते हुए प्रभावी भाषण दिया। अंत में दंदरौआ सरकार रामदास महाराज ने सभी मातृशक्ति एवं पुरुष समाज को आशीर्वाद प्रदान किया। सभी को सदमार्ग पर चलने व देश हित में काम करने की अपील की। अंत में संजीव गुर्जर ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में एक हजार से अधिक मातृ शक्ति एवं पुरुष उपस्थित रहे। सभी को प्रसादी में भण्डारा की व्यवस्था की गई।


