भिण्ड, 10 जनवरी। गोहद क्षेत्र में इटायली गेट के पास फर्नीचर की दुकान में तीसरी मंजिल पर गोदाम में शार्ट सर्किट से आग लग गई, जिसमें लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार श्यामबिहारी पुत्र गजेन्द्र सिंह राठौर निवासी इटायली गेट के पास का फर्नीचर का व्यापार है। वह शनिवार को सुबह घर में सो रहा था। तभी सफाई कर्मचारी ने श्याम बिहारी की इटायली गेट के पास बाली तीन मंजिला दुकान एवं गोदाम में धुंआ निकलता देखा। वहीं बिजली के खंबे पर भी फॉल्ट होते देख कर वह चिल्लाने लगा। शोर शराबा सुनकर दुकान मालिक एवं परिवार भी जाग गया तथा राहगीरों ने तुरंत सूचना फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड ड्राइवर शाकिर खान, मजीद खान, पप्पन खान, हेल्पर गजेन्द्र शर्मा, इबरार खान, आनंद पाथरे के साथ बिना देर किए मौके पर पहुंचे और तीसरी मंजिल पर बने गोदाम में आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं सूचना लगते ही फायर ब्रिगेड की सूचना लगते ही सीएमओ सैयद रिहान अली जैदी ने मालनपुर, मेहगांव, मौ नगर परिषद की फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया। लगभग 8.30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। लेकिन तब तक लगभग 5 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हो गया। इससे पूर्व लगभग एक वर्ष पूर्व भी व्यापारी श्याम बिहारी राठोर के दूसरे गोदाम में आग लगी ने लाखों रुपए का नुकसान हुआ था। लोगों ने बताया कि फायर ब्रिगेड ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया और बहुत बड़ा हादसा होने से बचा लिया।
इनका कहना है:
”शॉर्ट सर्किट से तीसरी मंजिल पर गोदाम में अचानक आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। राहगीरों के चिल्लाने पर आग का पता चला।”
श्याम बिहारी राठौर, फर्नीचर व्यापारी गोहद”आग लगने की सूचना मिलते ही तुरंत फायर ब्रिगेड लेकर सभी स्टाफ मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पा लिया। सीएमओ द्वारा मालनपुर मेहगांव की भी गाडियां भेजी गई थी।स्टाफ की मदद से जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया।”
मजीद खान, चालक फायर ब्रिगेड गोहद


