भिण्ड, 07 जनवरी.मनीष दुबे।
एसआरएफ फाउण्डेशन द्वारा संचालित रूरल एजुकेशन प्रोग्राम भिण्ड के अंतर्गत चयनित दस शासकीय विद्यालयों के संस्था प्रधान एवं बाल संसद स्वच्छ विद्यालय प्रभारी शिक्षकों के साथ बैठक का आयोजन खण्ड शिक्षा अधिकारी श्याम किशोर भारद्वाज एवं एसआरएफ फाउण्डेशन के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी अकरम सिद्दीकी के नेतृत्व में एसआरएफ लिमिटेड मालनपुर में किया गया। बैठक की शुरुआत चैनसिंह किरार ने सभी संस्था प्रधान एवं शिक्षकों का स्वागत करते हुए की। बैठक के उद्देश्य को साझा कर चेतना गीत मैं तुमको विश्वास दूं, तुम मुझको विश्वास दो के माध्यम से बैठक की शुरुआत की गई।
इसी क्रम में अकरम सिद्दीकी ने छात्रों की शैक्षणिक गुणवत्ता पर चर्चा करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत निपुण भारत मिशन के अनुसार छात्रों के शैक्षणिक गतिविधियों में सुधार हेतु निरंतर प्रयास करने के लिए संस्था प्रधान एवं शिक्षकों को प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय में छात्रों के साथ मॉर्निंग असेंबली के दौरान न्यूज पेपर रीडिंग, शारीरिक एवं बौद्धिक विकास आधारित गतिविधियों को नियमित संचालित करने की बात भी कही।
अकरम सिद्दीकी ने सभी विद्यालय में छात्रों हित में शिक्षण से संबंधित मूल आवश्यकताओं जैसे टीएलएम सामग्री एवं मॉर्निंग असेंबली हेतु म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट जैसे अन्य संसाधन उपलब्ध कराने की बात करते हुए सहयोग करने की बात कही। साथ ही प्रत्येक विद्यालय में प्रति माह सामुदायिक बैठक एवं शाला प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित करने तथा समुदाय के साथ विद्यालय की सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने पर भी जोर दिया। बैठक के दौरान चैन सिंह किरार ने रंग-तरंग प्रतियोगिता के आयोजन के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। साथ ही अक्टूबर, नवंबर एवं दिसंबर माह में साइंस लैब, लाइब्रेरी एवं डिजिटल कक्ष से लाभान्वित छात्रों का डेटा आपस में एक दूसरे के साथ साझा करते हुए, बाल संसद छात्र टीम एवं प्रभारी शिक्षक के सहयोग से मासिक स्वच्छ विद्यालय प्रतियोगिता में उत्कृृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय को एसआरएफ फाउण्डेशन की ओर से यूनिट हेड राजेश खन्ना एवं राकेश तिवारी के माध्यम से शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।


