– 15 दिवस में बंद करो प्रदूषण, वरना होगी कार्रवाई
भिण्ड, 22 नवम्बर। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में संचालित बजाज मास्टर वेच कंपनी द्वारा लगातार छोड़े जा रहे प्रदूषण के संबंध में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कंपनी को नोटिस थमाया है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नोटिस में उल्लेख किया है कि सीएम हेल्पलाईन से प्राप्त शिकायत के परिप्रेक्ष्य में उद्योग का निरीक्षण किया गया, उद्योग द्वारा कैल्शियम कार्बोनेट एडिटिव्स व पॉलीमर का रॉ मटेरियल के रूप में उपयोग कर प्लास्टिक मेनुअल्स बनाने का कार्य किया जाना पाया गया। निरीक्षण के दौरान उद्योग में रॉ मटेरियल फीडिंग एवं प्रक्रियाा से फ्यूजिटिव इमीशन उत्पन्न होना पाया गया, उद्योग में वायु प्रदूषण नियंत्रण हेतु सक्षम व्यवस्थाएं स्थापित नहीं की गई है। अत: कंपनी को निर्देशित किया जाता है कि उद्योग में 15 दिवस के भीतर वायु प्रदूषण के नियंत्रण हेतु सक्षम व्यवस्थाएं स्थापित कर कार्यालय को सूचित करें। अन्यथा बोर्ड आपके उद्योग के विरुद्ध जल एवं वायु अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई करने हेतु बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी आप स्वयं की होगी।


