– मामला- डबल लॉक गोदाम से डीएपी की 23 हजार बोरियां गायब होने का
भिण्ड, 20 नवम्बर। लहार में डबल लॉक खाद गोदाम से 23 हजार से अधिक डीएपी खाद की बोरियां गायब मिलने के बाद भोपाल से आई तीन सदस्यीय जांच टीम दो दिन तक रिकार्ड खंगालकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त कर चुकी है। रिपोर्ट तैयार की जा रही है और अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।
कलेक्टर किरोड़ी लाल मीना द्वारा मुख्यालय को भेजे गए प्रतिवेदन के बाद नर्मदापुरम के प्रबंधक देवेन्द्र यादव, छिंदवाड़ा के उपप्रबंधक (वित्त) सुनील हेड़ाऊ और भोपाल मुख्यालय के उप प्रबंधक ऋषि राठौर की टीम लहार पहुंची। टीम ने मंगलवार और बुधवार को देर रात तक विपणन कार्यालय और गोदाम से जुड़े दस्तावेजों की तस्दीक की। कंप्यूटर डेटा, वितरण रिकार्ड और गोदाम से संबंधित फाइलें खंगालकर कई कागजात कब्जे में लिए गए। जांच के दौरान कार्यालय का पूरा स्टाफ बाहर रखा गया और टीम अकेले अंदर बैठकर स्टॉक से लेकर वितरण तक का पूरा डेटा मिलाती रही।
23 हजार से अधिक बोरियां कम
अब तक जांच में करीब 23 हजार से अधिक डीएपी बोरियों का बड़ा अंतर मिला है। गोदाम प्रभारी दीपक शर्मा को पहले ही निलंबित किया जा चुका है, लेकिन अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई अब तक नहीं हुई है और न ही एफआईआर दर्ज की गई है। जांच दल की रिपोर्ट आते ही कई अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है। जिला विपणन अधिकारी अमित गुप्ता ने कहा कि जांच दल को सभी दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

