शहडोल जिले के जैतपुर के नगपुरा गांव में एक वृद्ध का शव तालाब में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान छटनकी लाल सिंह (70) के रूप में हुई है, जो बीती शाम से लापता थे। उनका शव उनके निवास स्थान से कुछ ही दूरी पर स्थित एक तालाब में मिला है। सूचना पर मौके पर पहुंची जैतपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। थाना प्रभारी रामकुमार गायकवाड़ ने बताया कि घटना स्थल पर मौजूदा साक्ष्यों को इकट्ठा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छटनकी लाल सिंह को उनके घर के पास स्थित तालाब की ओर जाते हुए देखा गया था, लेकिन देर रात तक वे वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने उनकी खोजबीन शुरू की। काफी देर बात उनका शव तालाब में दिखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस टीम और अधिकारियों ने शव को बाहर निकलवाया और परिवार व आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई है। प्रारंभिक जांच इसे एक हादसा माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद ही कुछ साफ हो पाएगा।


