– पूजा एवं राजवीर ने गोल्ड, राधेश्याम एवं करिश्मा ने जीते सिल्वर मेडल
भिण्ड, 29 अक्टूबर। भोपाल के छोटे तालाब पर 26 से 28 अक्टूबर तक हुई राष्ट्रीय पैरा कैनो प्रतियोगिता में भिण्ड के खिलाड़ियों ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल एवं दो सिल्वर मेडल हांसिल कर जिले का मान बढ़ाया है।
भिण्ड कयाकिंग कैनोइंग संरक्षक एवं खेल प्रशिक्षकर राधेगोपाल यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि भिण्ड गौरी सरोवर किशोरी बोट क्लब से निकले हुए खिलाड़ियों ने एक बार फिर अच्छा प्रदर्शन कर भिण्ड के सम्मान को बढ़ाया है। राष्ट्रीय पैरा कैनो प्रतियोगिता में पूजा ओझा ने केएल 1 में अपने इवेंट में प्रथम आकर गोल्ड मेडल प्राप्त किया। वहीं राजवीर बघेल ने केएल 2 में गोल्ड मेडल प्राप्त किया। राधेश्याम यादव को केएल 3 में सिल्वर मेडल मिला। करिश्मा गोयल केएल 2 में सिल्वर मेडल प्राप्त कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भिण्ड के सम्मान को बढ़ाया। राजवीर बघेल पूजा ओझा के प्रदर्शन से सभी प्रभावित हुए। वहीं अनुराधा श्रीवास मेडल से चूक गईं, फिनिशिंग प्वाइंट से 10 मीटर पहले उनके वोट पलट जाने के कारण वह मेडल तालिका से बाहर हो गई।
खिलाड़ियों की इस कामयाबी पर भिण्ड कयाकिंग कैनोइंग संरक्षक राधेगोपाल यादव, अध्यक्ष कुलदीप कुशवाह, सचिव डॉ. योगेन्द्र यादव, गगन शर्मा, भूरे यादव, निश्चल यादव, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप भदौरिया, राहुल मिश्रा साहित्य सभी खेल प्रेमियों ने बधाई दी है।


