– गृह ग्राम मानहड़ में परिजनों, समर्थकों एवं ग्रामीणों ने किया स्मरण
भिण्ड, 29 अक्टूबर। मेहगांव के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ नेता रायसिंह भदौरिया ‘बाबाÓ की पुण्यतिथि पर उनके गृह ग्राम मानहड़ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें उनके परिजनों, समर्थकों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों ने उपस्थित होकर बाबा को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर पूर्व जनपद पंचायत सभापति राकेश सिंह भदौरिया ने कहा कि पुण्यतिथि व्यक्ति की नहीं, व्यक्तित्व की मनाई जाती है। बाबा का राजनीतिक सफर बेदाग छवि, सर्वहारा समाज के हितों के प्रति समर्पण और क्षेत्र के विकास के लिए संघर्ष का प्रतीक रहा। उन्होंने जीवन की अंतिम सांस तक क्षेत्रवासियों के विकास और स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मेहगांव के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह निगम ने कहा कि बाबा सर्वहारा समाज के जनप्रतिनिधि रहे। मेहगांव में शिवरात्रि मेले की शुरुआत और उससे जुड़ी उनकी उपलब्धियां क्षेत्रवासियों के लिए सदैव यादगार रहेंगी। शुभम आजाद ने कहा कि बाबा के विचारों को संपूर्ण मप्र में जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। अधिवक्ता सतेन्द्र सिंह भदौरिया ने बाबा के प्रशासनिक दृष्टिकोण और समाज के लिए उनके आजीवन संघर्ष को याद किया।
कार्यक्रम के अंत में बाबा के नाती हर्षवर्धन सिंह भदौरिया ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बाबा के विचारों और जनसेवा के कारवां को आगे बढ़ाने तथा क्षेत्र की जनता के लिए सदैव तत्पर रहने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन मनीष शिवहरे ने किया। इस अवसर पर बाबा की पत्नी राजाबेटी भदौरिया, पूर्व सरपंच आनंद कुमार सिंह, पूर्व जनपद सदस्य राकेश सिंह भदौरिया, शशि भदौरिया, केशव सिंह भदौरिया, सुखपाल सिंह भदौरिया, राजकुमार सिंह भदौरिया, देवेन्द्र सिंह निगम, हरिसिंह बापू, मनीष शिवहरे, सतेन्द्र भदौरिया एडवोकेट, महेश मिश्रा, जगरूप सिंह भदौरिया, छोटे सिंह भदौरिया, राकेश इंदौरिया, शुभम आजाद, बचारामा पवैया सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


