-दंदरौआ धाम में श्रीमद् भागवत कथा के दौरान हो रहे प्रवचन
भिण्ड, 29 अक्टूबर। जिस प्रकार हम हर रोज भोजन करते हैं, उसी प्रकार नित्य सत्संग भी करना चाहिए। महादेव-पार्वती भी नित्य श्रीहरि का ध्यान करते हैं। जिस तरह माताएं रोज घर का कचरा साफ करती हैं, उसी तरह हमें कथा सत्संग के माध्यम से मन की सफाई करनी होगी, अन्यथा मन के भीतर कचरा एकत्रित हो जाएगा। यह उद्गार संत रमेशभाई ओझा ने गुरुवार को दंदरौआ धाम में 1008 महामण्डलेश्वर महंत रामदास महाराज के सानिध्य में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में प्रवचन करते हुए व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि जो चीज बदलती है, परिवर्तनशील है, वह प्रकृति है, लेकिन परमात्मा परिवर्तनशील नहीं है। परमात्मा पूर्ण सत्य है, परमात्मा खण्डों में नहीं है, किस्तों में नहीं है, परमात्मा को आधा नहीं पाया जा सकता, परमात्मा अखण्ड है। जैसे-जैसे मनुष्य परमात्मा के समीप होते जाता है, वैसे ही अनुभव होता है कि अब हम पहुंच रहे हैं। जिस प्रकार सभी मनुष्य के भीतर एवं बाहर वायु विद्यमान है, उसी प्रकार परमात्मा अभी मनुष्य के भीतर बाहर विराजमान है। उन्होंने कहा कि दुराचारी संसार जब हमारे भीतर प्रवेश कर जाता है तो मन दुखी रहता है, लेकिन जब हम मन में श्रीकृष्ण को बसा लेते हैं तो मन आनंद स्वरूप हो जाता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि नौका समुद्र में रहे तो ठीक, लेकिन यदि समुद्र नौका में आ जाए, तो उसका डूबना तय है। इसी प्रकार आप संसार में रहो, लेकिन संसार को अपने अंर्तमन में प्रवेश मत करने दो। इसलिए जब कथा सुनने का अवसर मिले तो कभी मत छोड़ो। भागवत कथा का श्रवण करने पर दुख तो क्या उसका बाप पाप भी मिट जाता है। मनुष्य वस्तुत में तीन कमरों में जीता है एक कमरे का नाम है कर्म दूसरे कमरे का नाम है विचार और तीसरे कमरे का नाम है भावना। मनुष्य को भगवान का भजन नित्य करना चाहिए। जैसे हमारी माताएं बहने घर से रोज कचरा निकलती है ऐसे ही मनुष्य के भीतर जो कचरा जमा हुआ है वह सत्संग से बाहर निकल जाता है।
इस मौके पर महामण्डलेश्वर रामदास महाराज, मंहत कालिदास तेजपुरा, महंत अवध बिहारीदास, केबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला, कथा यजमान अनूप मिश्रा, समाजसेवी रामशंकर शर्मा, भागीरथ सिंह गुर्जर, रामबरन पुजारी, जलज त्रिपाठी, बृजकिशोर शर्मा, पवन शास्त्री, प्रदीप त्रिवेदी, अमन दैपुरिया, देवेन्द्र व्यास, नरेन्द्र चौधरी, वीरेन्द्र राणा सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।


