– डॉ. ज्योत्स्ना सिंह राजावत
कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को करवा चौथ का व्रत की परम्परा प्राचीन काल से चली आ रही है। पौराणिक कथाओं के आधार पर इस दिन महिलाएं बिना जल और अन्न के दिन भर उपवास रखती हैं, और शाम को चन्द्रमा के दर्शनोपरांत अर्घ्य देकर करवा यानि मिट्टी के कलश से जल ग्रहण कर उपवास खोलती हैं, लोकसाहित्य की दृष्टि से करवा चौथ का व्रत और वीरावती की कथा को प्राचीन काल से महिलाओं ने एक दूसरे को सुनाकर श्रवण परम्परा को जीवित रखा है। सावित्री और सत्यवान की कथा भी इस व्रत से जोड़ी जाती है। विभिन्न व्रत में प्रकृति को अलग-अलग तरीके से पूजने का विधान रहा है, यह पूजन विधान प्रकृति को संरक्षित करने का संदेश देते हैं। यह व्रत भी इसी परम्परा का प्रतीक है।
हमने देखा है कि हमारे घर में मां, दादी और घर परिवार से बाहर बखरी में जिसे सतघरा कहा जाता था। वहां सभी महिलाएं मिलकर एक मुख्य दीवार को मिट्टी या गोबर से पोतकर उस पर चावल के आटे के घोल से और गेरू से प्राकृतिक चित्रों को काढ़ती थी ,करवा माताÓ की कथा सात भाइयों के चित्र छलनी में चन्द्रमा दिखाते हुए सजीव चित्रण करती थीं, सूर्य, चंद्रमा, सितारे, नदियां, वृक्ष, करवा बेचने वाला और सुहाग चिन्ह मेहंदी महावर, दीपक, पालकी, वेल आदि बनाती थीं। बीच बीच में मानस की चौपाइयां भी अंकित करती थीं।
जब लगि गंग जमुन जल धारा।
अचल रहे अहिवात तुम्हारा॥
हमारी ग्रामीण संस्कृति ने लोक गीतों में इस पर्व को जन-जन में लोकप्रिय बनाए रखा। पीढ़ी दर पीढ़ी स्त्री की आस्था, पारिवारिक संबंधों की दृढ़ता बनी रही। समय बदला, आधुनिकता को बढ़ावा मिला, जीवन शैली बदली करवा चौथ को नया आयाम मिला। अब पूरी दीवार सिमटकर एक कैलेंडर में समाहित हो गई है। सबकी अपनी छत और अपना चांद हो गया है। पहले करवा चौथ का श्रंगार केवल तन को सजाने के लिए नहीं था बल्कि मन में सम्मान और समर्पण के भाव समाहित होते थे। चूड़ियों की खनक में मंगलकामना, मेहंदी के रंग में प्रेम की प्रतीक्षा, बिंदी में सांस्कृतिक पहचान और पूजा की थाली में परिवार के सुख की कामना बसी होती थी।
बदलते दौर में आज ब्रांडिड श्रंगार, के साथ-साथ महंगे परिधान और सोशल मीडिया पर प्रदर्शन की होड़ मची है। करवा चौथ व्रत, चूड़ी, मेहंदी, साड़ी और चन्द्रदर्शन के दर्शन नहीं वल्कि चन्द्र प्रदर्शन का पर्व हो गया है। प्रेम की अभिव्यक्ति, रिश्ते की मजबूती नहीं समझौता बन गया है। एक ओर सदियों से चली आ रही आस्था, दूसरी ओर इक्कीसवीं सदी की स्वतंत्र सोच। एक ओर जिम्मेदारी से बंधी कामकाज समेट कर पारम्परिक मेहंदी, महावर चूड़ियां पहने मां की सजी हुई पूजा की थाली, दूसरी ओर पार्लर से तैयार होकर आई बहू, बेटियां हाथ में पूजा की थाली के साथ सेल्फी। यह दृश्य केवल पीढ़ियों के अन्तर का नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति के बदलते स्वरूप का भी है। करवा चौथ की परम्परागत धार्मिक भावना पति की दीर्घायु और दाम्पत्य के मंगल से जुड़ी है। अब हम सबको बदलती हुई परिपाटी को स्वीकार कर लेना चाहिए। इस भावना का सम्मान किया जाना चाहिए। यह पर्व पारस्परिक प्रेम की अभिव्यक्ति है। रिश्तों की मजबूती इस बात पर निर्भर नहीं करती कि धार्मिक क्रिया की, कितनी की अथवा नहीं की, वह इस बात पर निर्भर करती है रिश्ते की गरिमा और सम्मान कितना है। इस पर्व में परिवार का साथ संबंधों के प्रति संवेदनशीलता का महत्व है। सच्चाई तो यह है कि करवा चौथ का चांद आकाश में सबके लिए एक ही है। अंतर केवल इतना है कि कोई उसे व्रत की पूर्णता में देखता है, कोई प्रेम की प्रतीक्षा में और कोई अपनी सांस्कृतिक स्मृतियों में। परम्परा का सौन्दर्य तब और बढ़ जाता है, जब उसमें आस्था के साथ विवेक, प्रेम के साथ सम्मान और संस्कारों के साथ स्वतंत्रता हो परिवार साथ हो। क्योंकि संस्कृति का अर्थ केवल यह नहीं कि हमसे पहले की पीढ़ी ने क्या किया था; संस्कृति का अर्थ यह भी है कि हम अगली पीढ़ी के लिए कैसा सामंजस्य रख रहे हैं। संस्कृति एक बहती हुई नदी की तरह है, जो अपने मूल स्त्रोत से जुड़ी रहकर भी नए भूभागों से होकर गुजरती है और नए रूप को ग्रहण करती है। इन पर्वों के पीछे के भाव को समझना और जानना आवश्यक है। करवा चौथ का वास्तविक सौंदर्य चन्द्रमा के सामने सजकर खड़े होने में ही नहीं, बल्कि उस सम्बन्ध में भी है जिसमें दो व्यक्ति एक-दूसरे के सम्मान, स्वास्थ्य, स्वतंत्रता और सुख के प्रति संवेदनशील हों।
आज की युवा स्त्री प्रेम को केवल त्याग से नहीं, बल्कि साझेदारी से भी परिभाषित करना चाहती है। वह अपने जीवनसाथी के लिए उपवास रख सकती है, लेकिन यह भी चाहेगी कि उसका जीवनसाथी उसके सुख-दु:ख, स्वास्थ्य, आकांक्षाओं और जिम्मेदारियों में समान भागीदार बने। आज की युवा पीढ़ी यह जानना चाहती है कि कोई रीति क्यों निभाई जाती है, उसका ऐतिहासिक आधार क्या है और उसका वर्तमान जीवन से क्या संबंध है। यह प्रवृत्ति हमें एक महत्वपूर्ण बात सिखाती है- परम्परा को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए केवल उसका पालन कराना पर्याप्त नहीं; उसके पीछे छिपे भाव और सांस्कृतिक अर्थ को समझाना भी आवश्यक है।
अंतत: परंपरा का उद्देश्य समय को रोकना नहीं, बल्कि समय के साथ चलते हुए अपनी सांस्कृतिक आत्मा को सुरक्षित रखना है।
लेखिका जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर में संस्कृत विभाग की सहायक प्राध्यापक हैं।


