– गंभीर एवं चिन्हित अपराधों, साइबर अपराधों की समीक्षा कर प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश
भिण्ड, 28 अक्टूबर। पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार जैन ने जिले में अपराधों की समीक्षा हेतु पुलिस कंट्रोल रूम भिण्ड में बैठक आयोजित की। जिसमें गंभीर, जघन्य, चिन्हित एवं साइबर अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण के संबंध में चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस उप महानिरीक्षक जैन ने साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा साइबर ठगी के पीड़ितों की राशि शीघ्र वापस (रिफंड) कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जिले में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भिण्ड सूरज कुमार वर्मा, एएसपी प्रदीप पटेल, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सतीश चौहान, सीएसपी निरंजन राजपूत, एसडीओपी अटेर रविन्द्र वास्कले, एसडीओपी गोहद महेन्द्र गौतम, एसडीओपी लहार प्रवीण त्रिपाठी सहित जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।


