दंदरौआ धाम में कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ
भिण्ड, 28 अक्टूबर। दंदरौआ धाम में महंत 1008 महामण्डलेश्वर रामदास महाराज के सानिध्य में बुधवार को श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। संत समाज के साथ कथा पारीक्षित पूर्व कैबिनेट मंत्री अनूप मिश्रा श्रीमद् भागवत की पोथी को सिर पर धारण करके चले। साथ ही 151 कलशों को लेकर बैण्डबाजों की धुन पर भगवान श्रीराम और हनुमानजी के भजनों पर थिरकते महिला पुरुष भक्तों ने संतों के साथ दंदरौआधाम में यात्रा निकाली।
कथा वाचक रमेश भाई ओझा ने कलश यात्रा कथा स्थल पर पहुंचने के उपरांत व्यास पीठ से कहा कि नवदा भक्ति में पहली भक्ति श्रवण करना, दूसरी भक्ति कीर्तन करना होता है। हमारे यहां वेदों को धर्म का मूल बताया गया है यदि वेद नहीं तो सनातन धर्म का अस्तित्व ही नहीं है। सनातन धर्म इसीलिए टिका हुआ है क्योंकि उसकी वेद रूपी जडें़ बहुत मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि कथा में मन लगाना पड़ता है लेकिन व्यास पीठ का यह दायित्व है कि कथा में रस को प्रकट करें, जिससे श्रोता का मन लगता है इसलिए वक्ता की वाणी बड़ी मीठी होती चाहिए। उन्होंने कहा कि बुद्धि से मनुष्य बलवान प्राणी को भी बस में कर लेता है, बलवान जानवरों को भी बस में कर लेता है, इसलिए बल से बुद्धि अधिक शक्तिशाली है। बल और बुद्धि को समाज के उत्थान में और सेवा में लगाएं तो निश्चित रूप से उसको मनुष्य को यश की प्राप्ति होती है।
इस मौके पर 1008 महामण्डलेश्वर महंत रामदास महाराज, महंत कालिदास महाराज तेजपुरा, महंत अवध बिहारी दास, कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लालसिंह आर्य, पूर्व कैबिनेट मंत्री अनूप मिश्रा, कांग्रेस नेता प्रमोद चौधरी, समाजसेवी रामशंकर शर्मा, कौशल तिवारी, नरेन्द्र शर्मा, रामबरन पुजारी, जलज त्रिपाठी, देवेश शर्मा, पवन शास्त्री, नरसी दद्दा, गौरव तोमर सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।


