– महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक का आयोजन
भिण्ड, 28 अक्टूबर। कलेक्टर पवन कुमार जैन ने निर्देश दिया है कि लाड़ली लक्ष्मी योजना तथा पीएम मातृत्व वंदना योजना में लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धि में कोई भी परियोजना पीछे नहीं रहेगी और न्यूनतम उपलब्धि वाले सीडीपीओ और सुपर वाइजर का एक माह का वेतन आहरण रोका जाएगा जब तक कार्य में प्रगति नहीं होती है।
उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थागत प्रसव में जन्म प्रमाण पत्र जारी करने में 15 दिन से अधिक का विलंब नहीं होना चाहिए। जिले से कुपोषण के कलंक को मिटाना है जिसके लिए विभाग द्वारा सघन अभियान चलाकर समस्या के मूल पर काम करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती करने की स्थिति ही निर्मित होने से पहले ही विभागीय अमला हस्तक्षेप करे। उन्होंने कहा कि जिले में लिंगानुपात को सुधारने और परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए नियमित रूप से काउंसलिंग कराई जाए तथा इस कार्य में समाज की प्रभावशाली व्यक्तियों का भी सहयोग लिया जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जर्जर भवन में आंगनबाड़ी संचालित नहीं की जाएंगी अन्यथा सीडीपीओ को निलंबित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शालाओं के विलय के बाद खाली भवनों में ऐसी आंगनबाड़ियों को स्थानांतरित किया जाए। सभी सीडीपीओ द्वारा प्रमाणन प्रस्तुत किया जाए कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में नल से जल प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि सक्षम आंगनवाड़ी केन्द्रों के लिए प्रदाय किए गए उपकरण किसी भी स्थिति में केन्द्र में ही रखकर प्रयोग किए जाएं। बैठक में डीपीओ महेन्द्र सिंह अम्ब, समस्त सीडीपीओ और सुपर वाइजर उपस्थित थे।


