– मेधावी छात्रों को पुरस्कार एवं वरिष्ठजनों का किया सम्मान
भिण्ड, 28 अक्टूबर। सर्वोदय संत लल्लूदद्दा जनसेवा समिति द्वारा सर्वोदय आश्रम हमीरापुरा में संत लल्लूदद्दा की जयंती के अवसर पर चेतना सत्संग समारोह में संगोष्ठी, जरूरतमंद मेधावी छात्रों को पुरस्कार वितरण एवं वरिष्ठजन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हवन पूजन के साथ संत लल्लूदद्दा के चित्र पर दीप प्रज्जलन एवं उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर किया गया। तदुपरांत संस्था सचिव पहलवान सिंह भदौरिया द्वारा संस्था के कार्यों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सुशासन में युवाओं की भूमिका, विषय पर चर्चा करते हुए मुख्य वक्ता भोपाल से पधारे वरिष्ठ समाजसेवी श्याम बौहरे ने कहा कि सुशासन किसी भी राष्ट्र की प्रगति का आधार तथा सशक्त लोकतंत्र की पहचान है। इसके निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका अत्यंत निर्णायक है। युवा राष्ट्र की आशा, परिवर्तन के संवाहक और उज्ज्वल भविष्य के शिल्पकार हैं। उनकी जागरूकता, नैतिकता एवं सक्रिय सहभागिता प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनविश्वास को सुदृढ़ करती है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाना, जनहित के कार्यों में सहभागिता निभाना तथा तकनीक के माध्यम से शासन को जनसुलभ बनाना युवाओं के प्रमुख दायित्व हैं। निसंदेह, जब युवा कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का संकल्प लेते हैं, तभी सुशासन साकार होता है और राष्ट्र प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सहभागिता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने वहां मौजूद छात्र छात्राओं को अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और अपने क्षेत्र जिला और प्रदेश का नाम रौशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। संत अवधूत हरिनिवास जी महाराज चिलोंगा की मौजूदगी में मप्र जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया, धरती समाजसेवी संस्था के संचालक देवेन्द्र सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य आशीष भदौरिया आशु, समाजसेवी विजयकांत अग्निहोत्री ने भी विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर स्व. लालसिंह कुशवाह एवं उनकी धर्मपत्नी सुंदरा देवी की स्मृति में उनके पुत्र सुरेन्द्र सिंह कुशवाह पप्पू भैया के सौजन्य से एक दर्जन जरूरतमंद मेधावी छात्रों को सम्मानित कर पुरस्कार वितरण किया गया। साथ ही एक दर्जन विशिष्ठ व्यक्तियों का सम्मान किया गया। इस मौके पर समिति अध्यक्ष श्रीनारायण शर्मा, सुरेन्द्र सिंह भदौरिया, मोहर सिंह, रिपुदमन सिंह, त्रिभुवन सिंह, राघवेन्द्र सिंह, समाजसेवी शशिकांत शर्मा, मेहन्द्र भाई सहित संस्था के सदस्य एवं एक सैकड़ा से अधिक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
गांव से आश्रम तक बनेगा पहुंच मार्ग
हमीरा पुरा गांव से सर्वोदय आश्रम तक जिला पंचायत द्वारा करीब 600 मीटर कच्चे पहुंच मार्ग को पक्का बनाया जाएगा। यह घोषणा जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने कार्यक्रम के दौरान अपने उद्वोधन में की। उन्होंने कहा कि इसका काम जल्द ही स्टीमेट एवं अन्य प्रक्रियाएं पूरा कर आरंभ कराया जाएगा।


