– परिजनों ने प्रथम पुण्यतिथि पर लोकसेवा के लिए समर्पित किया शव फ्रीजर
भिण्ड, 28 अक्टूबर। जनसंघ के समय से भारतीय जनता पार्टी के लिए समर्पित रहे कार्यकर्ता डॉ. सुशील गुप्ता की प्रथम पुण्यतिथि पर गोल मार्केट पर स्थित निवास पर श्रृद्धांजली सभा आयोजित हुई। जिसमें भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अवधेश सिंह कुशवाह, लोकतंत्र सेनानी केशव सिंह भदौरिया, प्रमुख समाजसेवी केलाश नगरिया, पूर्व बैंक अध्यक्ष ऊषा नगरिया, डॉ. शिवकुमार राजौरिया समेत शहर काफी संख्या में प्रबुद्धजन शामिल हुए। इस अवसर पर स्व. डॉ. सुशील गुप्ता के पुण्य स्मरण में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सावित्री गुप्ता द्वारा लगभग एक लाख कीमत का शव फ्रीजर जनसेवा निमित्त बद्रीप्रसाद बगिया संचालक को समर्पित किया गया, यह प्रत्येक जरूरतमंद के नि:शुल्क समर्पित रहेगा।
श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए वरिष्ठ अभिभाषक भाजपा नेता अवधेश सिंह कुशवाह ने कहा कि भिण्ड जिले में जनसंघ के समय से जुड़े अनेकानेक ऐसे कार्यकर्ता हैं जिन्हें समर्पण भाव की प्रतिमूर्ति की संज्ञा देना कोई अतिशयोक्ति नहीं होगा, ऐसे ही समर्पण सेवा भाव के धनी दो पीढ़ियों से जनसंघ व भाजपा से जुड़े डॉ. सुशील गुप्ता थे, जिनका क्लीनिक पार्टी के सेवा केन्द्र के रूप पहिचाना जाता था। लोकतंत्र सेनानी केशव सिंह भदौरिया ने कहा कि संगठन कार्य के लिए समर्पित डॉ. सुशील गुप्ता बाल्यकाल से ही अच्छे स्वयं सेवक रहे, उनके पिता स्व. प्रभुदयाल गुप्ता पीडी सर पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी बाजपेयी के साथी रहे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी व संगठन शिल्पी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे कुशाभाऊ ठाकरे अक्सर डॉ. गुप्ता के मकान में ही कोर बैठकें लिया करते थे। प्रमुख चिकित्सक डॉ. शिवकुमार राजौरिया ने कहा कि सुबह शाम भाजपा नेता और कार्यकर्ता के अलावा शहर के गणमान्य उनके क्लीनिक पर अक्सर इकट्ठा हुआ करते थे, वे कोराना काल में भी स्वयं अस्वस्थ्य होने के बाबजूद उपचार सेवा में अग्रणी रहे, जबकि उनकी दोनों किडनी पिछले एक दशक से खराब थीं और कैंसर जैसी प्राण घातक बीमारी से जूझ रहे थे, फिर भी अपने मरीजों की फिक्र करते थे।
इस्कॉन टीम ने भजन संध्या के जरिए दी भावांजलि
भिण्ड शहर में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति के प्रचार प्रसार में संलग्न इस्कॉन टीम ने भजन संध्या के जरिए स्व. डॉ. सुशील गुप्ता को श्रद्धांजली दी। कार्यक्रम में महिला मण्डल के अलावा अनुज सुरेश गुप्ता एडवोकेट, पुत्र शैलेन्द्र, अतुल गुप्ता, डॉ. चिमन गुप्ता मौजूद रहे।


