– 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता, एरियर की सभी 6 किस्तों का भुगतान दीपावली से पूर्व कराने की मांग, क्रमोन्नति और एनपीएस संबंधी समस्याएं भी उठाईं
भिण्ड, 28 अक्टूबर। विकास खण्ड लहार में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं की विभिन्न वित्तीय एवं सेवा संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर समस्त अध्यापक-शिक्षक संवर्ग की ओर से विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) लहार को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में लंबित महंगाई भत्ता एरियर, कोषालय से स्वीकृत एरियर भुगतान, सातवें वेतनमान की लंबित किस्त, क्रमोन्नति वेतनमान तथा एनपीएस पासबुक संधारण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि मप्र शासन के वित्त विभाग द्वारा 2 अप्रैल 2026 को शासकीय सेवकों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत वृद्धि के आदेश जारी किए गए थे, जिसका लाभ एक अप्रैल 2026 से दिया जाना है। वहीं एक जुलाई 2025 से 31 मार्च 2026 तक की अवधि के एरियर का भुगतान छह समान किस्तों में किए जाने का उल्लेख किया गया है। ज्ञापन देने वालों ने मांग की कि अब तक लंबित एरियर की सभी छह किस्तों का भुगतान दीपावली से पूर्व एकमुश्त कराया जाए, शिक्षक प्रतिनिधियों ने बीईओ से सभी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की, ताकि शिक्षकों को आर्थिक राहत मिल सके। ज्ञापन देने वालों में जानकी नंदन समाधिया, तिलक सिंह, मुलायम सिंह, राजेन्द्र सिंह परिहार, हरेन्द्र सिंह, हमीद खान, पीयूष गुप्ता, साधना चौहान, नीलेश चौहान सहित अन्य अध्यापक/ शिक्षक उपस्थित रहे।


