– वार्ड 14 नाले के पानी की गंदगी से बढ़ी परेशानी, जिम्मेदारों की अनदेखी से बीमारी फैलने का खतरा
भिण्ड, 28 अक्टूबर। नगर परिषद मालनपुर के वार्ड क्र.14 स्थित सब्जी मण्डी रोड के पास बने पशु अस्पताल की दीवार के सहारे बह रहा गंदा पानी आस-पास के लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। गंदे पानी से उठने वाली दुर्गंध के चलते स्थानीय निवासियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आसपास गंदगी जमा रहने से मच्छर पनपने और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ने की आशंका है।
स्थानीय क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ओर स्वच्छता बनाए रखने के दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े स्थान के आसपास गंदे पानी की समस्या लोगों को परेशान कर रही है। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। अब सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर कब ध्यान देंगे? क्या नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण कर गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराएंगे, या वार्डवासियों को इसी तरह दुर्गंध के बीच रहने को मजबूर होना पड़ेगा? स्थानीय लोगों में अशोक झा, पंजाब सिंह, विनोद गुर्जर, पुत्तू भदोरिया आदि ने संबंधित अधिकारियों से समस्या का जल्द निराकरण कराने की मांग की है।
इनका कहना है:
‘मालनपुर मेन बाजार, सब्जी मण्डी में अभी नवीन नाले का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते यह समस्या हो रही है, लेकिन निर्माण पूर्ण होते ही जल्द ही इस समस्या का समाधान हो जाएगा।’
बृजेश किरार, स्वच्छता अधिकारी नगर परिषद मालनपुर


