– छलनी से चांद देखकर व्रत खोलेंगी महिलाएं
भिण्ड, 28 अक्टूबर। सुहागिनों का प्रमुख पर्व करवा चौथ गुरुवार को मनाया जाएगा। महिलाएं पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ दिनभर निर्जल-निराहार रहकर व्रत रखेंगी। वहीं रात को चंद्रमा (चांद) के दर्शन कर अर्घ्य अर्पित करने के बाद पति के हाथों से पानी पीकर व्रत खोलेंगी।
ज्योतिषाचार्य पं. कौशलेन्द्र मिश्रा ने बताया कि इस बार करवा चौथ पर लक्ष्मीनारायण राज योग, शुक्रादित्य योग और बुधादित्य योग बन रहे हैं। चंद्रमा अपनी उच्च राशि वृषभ में रहेंगे और मृगशिरा नक्षत्र रहेगा। तुला राशि में सूर्य, शुक्र और बुध की युति से त्रिग्रह योग भी बनेगा। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार- इन योगों को पूजा-पाठ और दांपत्य जीवन के लिए शुभ माना जाता है। करवा चौथ पर चांद निकलने के बाद महिलाएं चंद्रदेव के दर्शन करेंगी। इसके बाद चांद को जल अर्पित कर पूजा करेंगी। परंपरा के अनुसार छलनी में दीपक रखकर पहले चांद और फिर पति का चेहरा देखा जाता है। इसके बाद पति के हाथों से पानी पीकर व्रत खोला जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छलनी से चांद और पति का चेहरा देखने की परंपरा सुखी वैवाहिक जीवन और पति की लंबी उम्र की कामना से जुड़ी है।


