– बिना रजिस्ट्रेशन कारोबार और मिथ्याछाप अचार पर लगाया जुर्माना
भिण्ड, 28 अक्टूबर। कलेक्टर पवन कुमार जैन के निर्देशानुसार उपभोक्ताओं की सेहत की रक्षा हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले में तीन अलग-अलग मामलों में खाद्य कारोबारियों पर कुल 13 लाख रुपए का अर्थदण्ड लगाया गया है।
अपर कलेक्टर एवं न्यायालय अपर जिला दण्डाधिकारी राजन बी नाडिया ने प्रस्तुत अभिलेखों, खाद्य विश्लेषक की रिपोर्ट एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के कथनों के आधार पर दंडादेश जारी किया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 में अवमानक खाद्य के लिए पांच लाख, मिथ्याछाप के लिए तीन लाख तथा विनिर्दिष्ट दण्ड न होने पर दो लाख रुपये तक का अर्थदण्ड प्रावधान है।
अवमानक मावा पर चार लाख का जुर्माना
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता ने 14 अगस्त 2021 को सोंधा स्थित जैन डेयरी का निरीक्षण किया था। मौके पर मावा एवं घी के नमूने लिए गए, जिनमें मावा (लूज) राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल की रिपोर्ट में अवमानक पाया गया। द्वितीय जांच हेतु नोटिस के बावजूद कारोबारी द्वारा आवेदन पेश नहीं किया जाने पर अभियोजन स्वीकृति के बाद परिवाद प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने फर्म संचालक बृजेश जैन पर धारा 26(2) सहपठित धारा 51 के तहत 4 लाख रुपए का अर्थदण्ड लगाया।
बिना रजिस्ट्रेशन कारोबार पर दो लाख
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी ने 26 अप्रैल 2023 को विण्डवा स्थित सुखवीर छैना भण्डार का निरीक्षण किया। मौके पर 1.25 क्विंटल छैना रसगुल्ला विक्रय हेतु रखा मिला, जबकि फर्म का खाद्य रजिस्ट्रेशन नहीं होना पाया गया। कारोबारी द्वारा जवाब पेश न करने पर धारा 26(2)(अ), 31(2) सहपठित धारा 58 के अंतर्गत सुखवीर सिंह बघेल पर 2 लाख रुपए का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया।
मिथ्याछाप अचार पर 7 लाख का दण्ड
18 दिसंबर 2021 को भिण्ड शहर के जय कुमार किराना स्टोर से लिए गए मिक्स्ड अचार के नमूने की जांच में उसे मिथ्याछाप पाया गया। न्यायालय अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी भिण्ड ने विक्रेता उपेन्द्र जैन पर धारा 26(2) सहपठित धारा 52 के तहत 2 लाख रुपये तथा आपूर्तिकर्ता फर्म श्रीराम ट्रेडिंग एंड कंपनी के संचालक पर धारा 26(2) सहपठित धारा 52 एवं 58 के तहत 5 लाख रुपए का अर्थदण्ड लगाया।
राशि जमा करने का आदेश
न्यायालय अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी भिण्ड ने सभी अनावेदकों को अधिरोपित राशि एक माह के भीतर विभागीय शीर्ष 0210-मेडिकल एण्ड पब्लिक हेल्थ, 4-पब्लिक हेल्थ, 104-फीस एंड फाइनेंस लाइसेंस फी, 5-कंट्रोलर फूड एंड ड्रग, मप्र में जमा कर चालान की प्रति न्यायालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। राशि जमा न करने पर धारा 96 के तहत भू-राजस्व के रूप में वसूली की जाएगी। यह कार्रवाई उपभोक्ताओं तक सुरक्षित, गुणवत्तायुक्त एवं मानक-अनुरूप खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशासन की सक्रियता दर्शाती है।

