– मेला ग्राउण्ड में पटाखा दुकानें लगाई जाएंगी, शहर में अन्य जगह नहीं
भिण्ड, 23 अक्टूबर। दीपावली के अवसर पर पटाखों के वैध विक्रय एवं किसी भी अप्रिय घटना से निपटनें एवं सावधानी बरतने हेतु थोक एवं फुटकर पटाखा विक्रेताओं के साथ कलेक्टर पवन कुमार जैन ने बैठक ली। इस दौरान पुलिस अधीक्षक भिण्ड सूरज कुमार वर्मा, जिला पंचायत सीईओ वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर राजन बी. नाडिया, एसडीएम भिण्ड महेन्द्र सौजन्या, सीएमएचओ डॉ. जेएस यादव, नगर पालिका सीएमओ वीरेन्द्र चक्रवर्ती सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर पवन कुमार जैन ने जिले में पटाखों के भण्डारण एवं विक्रय को लेकर आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पटाखों के भण्डारण और विक्रय की व्यवस्था निर्धारित नियमों के अनुसार की जाए। सभी दुकानों के बीच गाइड लाइन के अनुसार स्पेस होना चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पटाखों का भंडारण एवं विक्रय केवल निर्धारित एवं अधिकृत स्थानों पर ही किया जाए। शहर के निराला रंग बिहार मेला ग्राउण्ड परिसर में पटाखों की दुकानें लगाई जाएंगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर कहा कि जिले में कार्बाइड गन के इस्तेमाल पर पूर्णत: रोक लगाई गई है। इसके इस्तेमाल को रोकने के लिए अभियान मोड चलाएं। कार्बाइड गन के विक्रय पर विक्रेता एवं लापरवाही पाए जाने पर अधिकारियों पर जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने पटाखा बाजारों में व्यवस्थित लेआउट, यातायात प्रबंधन, अग्निशमन एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पटाखों के व्यापारियों का सत्यापन करने तथा पात्र व्यापारियों के लाइसेंस का समय पर नवीनीकरण एवं वितरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थान पर अवैध भण्डारण या नियमों के उल्लंघन की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सभी पटाखा दुकानें निर्धारित स्थान पर ही लगेंगी, शहर में अन्य जगह कोई दुकान नहीं लगाई जाए।
उन्होंने पटाखा व्यापारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बाजार में कोई भी दुकानदार बिना लाइसेंस के पटाखों की बिक्री न करे। दुकानों पर अग्निशमन यंत्रों के साथ-साथ बालू भरी बाल्टियां और पानी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखवाना सुनिश्चित किया जाए। नियम अनुसार ही दुकानों का संचालन करें, दुकान का लाइसेंस नहीं बेचा जाए। एक लाइसेंस पर कोई दूसरा दुकान नहीं चलाएगा। कलेक्टर ने एसडीएम भिण्ड को निर्देशित किया कि लाइसेंस जारी करते समय सुनिश्चित करें कि एक ही घर के दो लोगों को लाइसेंस जारी नहीं किया जाए। नगर पालिका सीएमओ सुनिश्चित करें कि पटाखा बाजार में माईक के साथ कंट्रोल रूम बनाया जाए। सीएमएचओ पटाखा बाजार में एम्बुलेंस लगाई जाना सुनिश्चित करें।


