– 100 आवेदन प्राप्त, 76 आवेदनों का मौके पर निराकरण
भिण्ड, 23 अक्टूबर। जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को शा. उमावि मिहोना में जनसंवाद एवं समाधान शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर भिण्ड पवन कुमार जैन ने शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग, लोकसेवा प्रबंधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा नगर पंचायत, राशन से संबंधित एक सैकड़ा आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 76 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। कलेक्टर ने शिविर के दौरान वृद्धावस्था पेंशन के 3 तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना की 5 पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत वीरसिंह चौहान, एसडीएम लहार प्रदीप मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर पवन कुमार जैन ने आश्वासन दिया कि जनता की शिकायतों का समय-सीमा में और संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाएगा। सभी प्रशासनिक अधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि जो लोग शिविर में समस्याएं लेकर आ रहे हैं, उनका समयबद्ध निराकरण हो सके। उन्होंने शिविर में उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना और प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना के लाभ के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और सभी से इन योजनाओं में बीमा कराने का आग्रह किया ताकि दुर्घटना होने पर लाभ प्राप्त हो सके।
जिला पंचायत सीईओ वीरसिंह चौहान ने पंचायत विभाग से संबंधित तथा सीएमएचओ डॉ. जेएस यादव ने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।


