– दो सैकड़ा लोगों की आंखों की जांच, 35 मरीज ऑपरेशन के लिए चिन्हित
भिण्ड, 23 अक्टूबर। सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं को समर्पित पहल के अंतर्गत भारत विकास परिषद शाखा भिण्ड एवं डॉ. श्याम बिहारी शर्मा सेवा परिषद ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में भारत विकास परिषद शाखा भिण्ड के सचिव राजमणि शर्मा के पिता दुर्गादत्त शर्मा की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन शहर के गांधीनगर स्थित केजीएन गार्डन में किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई। शिविर में नेत्र रोगों से संबंधित समस्याओं की पहचान करने तथा जरूरतमंद मरीजों को उचित उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर में 212 रोगियों की आंखों का परीक्षण कर उनकी दवाइयों का निशुल्क वितरण किया गया। इनमें से 35 रोगियों को मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए चिन्हित कर नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए रतन ज्योति नेत्रालय ग्वालियर भेजा गया। जहां उनका मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा।
इस अवसर पर राजमणि शर्मा ने बताया कि आंखें मानव जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग हैं और दृष्टि संबंधी समस्याओं का समय पर परीक्षण एवं उपचार होना आवश्यक है। विशेषकर मोतियाबिंद जैसी समस्या से पीड़ित ऐसे लोगों के लिए निशुल्क शिविर उपयोगी साबित होते हैं। भाजपा जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र राजोरिया ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के साथ ही समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य भी करते हैं। इस अवसर पर वीरेन्द्र जोशी, अनीश खान, राजेश पाराशर, प्रतीक शर्मा, देवांशु शर्मा, शरीफ खान, दिनेश कुशवाह, वीरे राठौर आदि उपस्थित रहे। आभार वीरेन्द्र जोशी ने व्यक्त किया।


