– महिला कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
भिण्ड, 23 अक्टूबर। उत्तराखण्ड के बहुचर्चित अंकिता भण्डारी हत्याकाण्ड में निष्पक्ष जांच और मामले से जुड़े कथित वीआईपी की भूमिका को उजागर कर न्याय दिलाने की मांग को लेकर भिण्ड शहर महिला कांग्रेस ने जोरदार आवाज उठाई है। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष शांति कुशवाह के नेतृत्व में प्रतिनिधि मण्डल ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल एवं संबंधित उच्च अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष शांति कुशवाह ने कहा कि अंकिता भण्डारी हत्याकाण्ड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस संवेदनशील प्रकरण में कथित वीआईपी का नाम लगातार सामने आ रहा है, लेकिन अभी तक निष्पक्ष कार्रवाई न होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रभाव और सत्ता के संरक्षण के चलते मुख्य दोषियों व वीआईपी को बचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे महिला कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
ज्ञापन में मांग की गई है कि अंकिता भण्डारी हत्याकाण्ड की निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच पूरी की जाए। मामले में उठ रहे कथित वीआईपी की भूमिका और आरोपों की निष्पक्ष व स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए। जांच प्रक्रिया में किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव या हस्तक्षेप को तुरंत रोका जाए। अपराध में शामिल चाहे कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति हो, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कानूनी कार्रवाई हो। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सभी तथ्यों को पारदर्शी तरीके से सार्वजनिक किया जाए।


