– कलेक्टर ने यूनियन द्वारा चलाए जा रहे अभियान ‘झाड़ू छोड़ो कलम उठाओ’ की सराहना की
भिण्ड, 23 अक्टूबर। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष गुड्डू वाल्मीकि एडवोकेट ने यूनियन के पदाधिकारियों के साथ कलेक्टर भिण्ड पवन कुमार जैन से मुलाकात कर महर्षि वाल्मीकि रामायण भेंट कर स्वागत किया।
एडवोकेट वाल्मीकि ने कलेक्टर से सामाजिक विषयों पर चर्चा कर यूनियन के द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे अवगत कराया। कलेक्टर ने यूनियन के द्वारा चलाए जा रहे अभियान शिक्षा को मूलमंत्र बनाओ झाड़ू छोड़ो कलम उठाओ की सराहना की और यूनियन के पदाधिकारियों से कहा कि समाज में शिक्षा का प्रचार-प्रसार करें और नशा आदि से दूर रखने के लिए प्रेरित करें। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नवीन कलेक्टर से सफाई कर्मचारियों की समस्याओं पर भी चर्चा की। इस मौके पर यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव रूपेश पाथरे, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रजत बंटी पाथरे, संभागीय अध्यक्ष प्रदीप धौलपुरिया आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।


