– आवारा मवेशियों को चिन्हित गौ शालाओं में सुरक्षित भेजा जाए
– सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
भिण्ड, 23 अक्टूबर। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर पवन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए शहर के मार्गों पर जाम की समस्या, ब्लैक स्पॉट की संख्या कम करने, वर्षा ऋतु उपरांत मार्गों पर हुए गड्ढों के मरम्मत कार्य कराए जाने, मार्गों के शोल्डरों पर उगी झाड़ियों की साफ-सफाई कराए जाने, जिले में राजमार्ग के साथ-साथ जिले की सभी प्रमुख सड़कों से बेसहारा मवेशियों को हटाकर गौशाला पर भेजने के संबंध में चर्चा की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक भिण्ड सूरज कुमार वर्मा, अपर कलेक्टर राजन बी. नाडिया, एसडीएम भिण्ड महेन्द्र सौजन्या सहित अन्य अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
कलेक्टर पवन कुमार जैन ने बैठक में कहा कि कोई दुर्घटना न घटे, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। इसलिए सारे सुरक्षा इंतजाम को गंभीरता से करना हम सबका दायित्व है। उन्होंने नगर पालिका भिण्ड को निर्देशित किया कि दो से तीन दिवस में प्रॉपर तरीके से नगर पालिका के पास बैरियर को तत्काल लगाया जाए, बैरियर पर रेडियम लगाया जाए। भारी वाहनों का आवागमन मेन बाजार में बंद किया जाए। सुभाष तिराहा पर साइन बोर्ड लगाया जाए कि भारी वाहनों को वहां से मुड़कर बायपास जाना है। साथ ही पुरानी गल्ला मण्डी से मंशापूर्ण मन्दिर के बीच में दूसरी साइड से बैरियर लगाया जाए ताकि वाहन इन्दिरा गांधी चौराहा से भी मेन बाजार में प्रवेश नहीं कर सकें। आवारा मवेशियों को गौ शाला में सुरक्षित भेजने की कार्रवाई के संबंध में उन्होंने सीईओ जिला पंचायत भिण्ड को निर्देशित किया कि दो-तीन पंचायतों को मिलाकर टीम तैयार करें और सभी पंचायतों से आवारा मवेशियों को तत्काल हटाकर गौ शाला में सुरक्षित पहुंचाने की कार्रवाई करें। उन्होंने ब्लैक स्पॉट की जानकारी ली और सभी पांचों ब्लैक स्पॉट पर स्पीड लिमिट कम करने के लिए रंबल स्ट्रिप बनाए जाने और साइनेज लगाए जाने और यलो सिग्नल लाइट लगाने एमपीआरडीसी को निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देशित कर कहा कि अगस्त माह में हाइवे पर मवेशियों के कारण कई बड़े हादसे हुए हैं, जिनमें कई लोगों की जान गई और कई लोग घायल भी हुए हैं, साथ ही गायों की भी जान चली जाती है। इसलिए आवारा मवेशियों को सड़कों से हटाकर सुरक्षित गौ शाला में भेजने में नगर पालिका, पंचायत और पुलिस प्रशासन सभी लोग सहयोग करें, सहयोग नहीं करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीएमएचओ भिण्ड को निर्देशित किया कि अगर कोई एक्सीडेंट होता है तो उसको रिपोर्ट होना चाहिए, डिले न हो और उसका डेटा यातायात प्रभारी को शेयर होना चाहिए ताकि पीएम राहत योजना अंतर्गत पीड़ित को जल्द से जल्द लाभ मिल सके। पीएम राहत योजना में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना और प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना को लिंक किया जाए। इसमें 20 रेपए से दो लाख तक का ऐक्सिडेंटल कवरेज मिलता है। उन्होंने कहा कि पीएम राहत योजना में ऐसे आयुष्मान कॉर्डिनेटर जो काम नहीं कर रहे हैं उनको तत्काल बर्खास्त करने की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने नगर पालिका सीएमओ से कहा कि त्योहार से पूर्व मुख्य बाजार की सड़क को दुरुस्त किया जाए और शहर की साफ-सफाई का कार्य प्राथमिकता से किया जाए।
पुलिस अधीक्षक भिण्ड सूरज कुमार वर्मा ने निर्देशित किया कि नगर पालिका के पास वाले बैरियर के पास सीसीटीवी कैमरा लगाया जाए ताकि डैमेज करने वाले को देखा जा सके। साथ ही दूसरी साइड का बैरियर भी मण्डी और मन्दिर के बीच में उसी स्थान पर लगाया जाए जहां पहले से ही सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ हो।


