– परिजनों ने हाइवे पर शव रखकर लगाया जाम किया, संदेहियों पर एफआईआर की मांग
भिण्ड, 23 अक्टूबर। जिले के मिहोना थाना क्षेत्र के चांदौख गांव निवासी 35 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। युवक बुधवार रात में पशुशाला में सोने गया था, जहां सोते समय उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया। शुक्रवार सुबह परिजनों को उसका शव चारपाई पर मिला। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने हत्या के संदेहियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर नेशनल हाईवे-552 पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस की ओर से जांच के आश्वास के बाद प्रदर्शन खत्म हो गया।
पुलिस के अनुसार शव की पहचान विश्व प्रताप सिंह राजावत उर्फ वीपी सिंह उम्र 35 वर्ष निवासी चांदौख के रूप में हुई। वह गुरुवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद गांव के पास स्थित पशुशाला में सोने गया था। शुक्रवार सुबह परिजन मवेशियों की देखभाल के लिए पहुंचे तो वह चारपाई पर मृत अवस्था में मिला। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। शुरुआती तौर पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार विश्वप्रताप सिंह की हत्या के मामले में जांच की जा रही है। परिजनों की बात सुनी गई है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


