– शहर के भीतर से गुजर रहे दर्जनों भारी वाहनों को पकड़ा
भिण्ड, 22 अक्टूबर। शहर में भारी वाहनों की बेपरवाही और आए दिन हो रहे सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए भिण्ड कोतवाली पुलिस अब एक्शन मोड में आ गई है। शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोतवाली थाना प्रभारी अनीता गुर्जर ने नो एंट्री जोन में घुसने वाले ट्रक और डंपर चालकों के खिलाफ सख्त मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर चलाए गए इस विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने नो एंट्री के नियमों को ताक पर रखकर शहर के भीतर से गुजर रहे दर्जनों भारी वाहनों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी अनीता गुर्जर ने खुद मोर्चा संभाला। नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी ट्रक और डंपर चालकों को सड़क पर ही कतार (लाइन में) खड़ा किया गया। इसके बाद उन्हें यातायात नियमों का कड़क पाठ पढ़ाया गया। थाना प्रभारी ने चालकों को दो टूक शब्दों में समझाया कि शहर की घनी आबादी और व्यस्त बाजारों से भारी वाहन निकालना न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि यह मासूम नागरिकों की जान के साथ सीधा खिलवाड़ है।
वाहनों के नंबर और फोटो कैद, अब सीधी जब्ती की तैयारी
पुलिस ने महज मौखिक समझाइश तक ही कदम सीमित नहीं रखे हैं। चेकिंग के दौरान पकड़े गए सभी ट्रकों और डंपरों के नंबर नोट किए गए और मौके पर ही उनके फोटो खींचकर पुलिस रिकार्ड में सुरक्षित कर लिए गए हैं। थाना प्रभारी ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यह पहली और अंतिम चेतावनी है। यदि इनमें से कोई भी वाहन दोबारा शहर के नो एंट्री जोन में प्रवेश करता हुआ पाया गया, तो किसी भी तरह की सिफारिश नहीं सुनी जाएगी। सीधे भारी चालानी कार्रवाई के साथ वाहन को जब्त (सीज) कर लिया जाएगा। चेतावनी देने के बाद पुलिस ने सभी भारी वाहनों को सुरक्षित रूप से शहर से बाहर बाईपास मार्ग की ओर रवाना किया। पुलिस की इस सख्त और त्वरित कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है, वहीं शहरवासियों और स्थानीय व्यापारियों ने कोतवाली पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए चैन की सांस ली है।
इनका कहना है:
‘शहर के भीतर भारी वाहनों का प्रवेश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चालकों को स्पष्ट चेतावनी दे दी गई है कि वे शहर के अंदर से निकलने के बजाय निर्धारित बाईपास मार्ग का ही उपयोग करें।’
अनीता गुर्जर, थाना प्रभारी, कोतवाली भिण्ड


