– सरदार पटेल जयंती व मप्र स्थापना दिवस की तैयारियां हेतु बैठक आयोजित
भिण्ड, 22 अक्टूबर। 31 अक्टूबर को सरदार बल्लभ भाई पटेल जयंती तथा 1 नवंबर को मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के भव्य एवं गरिमापूर्ण आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर पवन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। जिसमें पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, सीईओ जिला पंचायत वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर राजन बी. नाडिया, एसडीएम लहार प्रदीप मिश्रा, एसडीएम भिण्ड महेन्द्र सौजन्या सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर पवन कुमार जैन ने निर्देश दिए कि सरदार बल्लभ भाई पटेल जयंती के अवसर पर सुबह रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम की समस्त तैयारियां पूर्ण की जाएं। स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग स्कूलों और कॉलेजों में सरदार पटेल के जीवन एवं योगदान पर आधारित कार्यक्रमों की योजना बनाएं। रन फॉर यूनिटी के मार्ग पर स्वच्छता, सड़क सुधार और चूने की लाइन कराने के निर्देश नगर पालिका भिण्ड के सीएमओ को दिए गए। मप्र स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि एक नवंबर की प्रात:कालीन कार्यक्रम में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं मप्र गान गाया जाएगा, जबकि संध्याकाल में स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी शासकीय कार्यालयों पर प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों को सम्मानपूर्वक एवं समय पर आमंत्रित किया जाए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों के नाम चिन्हित किए जाएं, ताकि उनको स्थापना दिवस कार्यक्रम में सम्मानित किया जा सके। साथ ही स्थापना दिवस पर वृहद स्तर पर पौधारोपण के लिए स्थान चिन्हित कर सभी तैयारियां सुनिश्चित करने कहा गया। उन्होंने कहा कि यह केवल शहर का नहीं, बल्कि लोगों का और हम सबका कार्यक्रम है। अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि मप्र स्थापना दिवस उत्सव पूर्ण उत्साह, एकता और गरिमा के साथ मनाया जा सके।


