– माखन चोरी, गोवर्धन पूजा और छप्पन भोग की कथा सुन मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु
भिण्ड, 22 अक्टूबर। पवित्र नगरी वृंदावन स्थित श्रीराम आश्रम विजय राघव कुंज (कैमार वन मोती झील वृंदावन) में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के पंचम दिवस पर भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी, गोवर्धन पूजा और छप्पन भोग की मनमोहक कथा का रसपान कराया गया। कथा सुनने के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे आश्रम परिसर में भक्तों की अपार भीड़ उमड़ रही है।
कथा के पांचवें दिन कथा व्यास 1008 महामण्डलेश्वर रामभूषण दास महाराज ने अपने ओजस्वी व मधुर वाणी से बालकृष्ण की नटखट बाल लीलाओं का बहुत ही सुंदर वर्णन किया। महाराजश्री ने जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण द्वारा माखन चुराने और ग्वाल-बालों के साथ उनकी बाल-क्रीड़ाओं का प्रसंग सुनाया, पूरा पंडाल नंदलाल के जयकारों से गूंज उठा। इसके पश्चात गोवर्धन पूजा और भगवान को अर्पित किए जाने वाले ‘छप्पन भोग’ की कथा का सुंदर वर्णन किया गया। कथा का यह प्रसंग सुनकर सभी श्रोतागण मंत्रमुग्ध हो गए। महाराज ने बताया कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति से जुड़ने और पर्यावरण की रक्षा करने का संदेश देती है।
समाजसेवी के सानिध्य में हो रहा है आयोजन
यह भव्य धार्मिक आयोजन मेहगांव क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी सुरेश चंद्र शुक्ला एवं राघवेन्द्र शुक्ला सहायक महा प्रबंधक एसबीआई बैंक मैनेजर देवेंद्र शुक्ला, उपेन्द्र शुक्ला एवं युवा भाजपा नेता गोलू शुक्ला के विशेष सानिध्य एवं मार्गदर्शन में संपन्न हो रहा है। आयोजकों की ओर से कथा में पधारने वाले सभी संतों, अतिथियों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के लिए उत्तम व्यवस्थाएं की गई हैं। पंचम दिवस की कथा के दौरान पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया और भक्तों ने इस आध्यात्मिक अनुष्ठान का पूर्ण लाभ उठाया। आज की कथा में मुख्य रूप से कैविनेट मंत्री राकेश शुक्ला, रामदुलारे भारद्वाज, भाजपा के वरिष्ठ नेता विशंभर दयाल मिश्रा, शिवम भारद्वाज, गोलू, अरविन्द्र शुक्ला, सुरेन्द्र शुक्ला, मुंशीलाल भटेले, गिरीश भटेले, नरेन्द्र चौधरी, सुरेंद्र राजौरिया, पुरुषोत्तम राजौरिया, लटूरी सिकरवार, अतुल चौधरी, देवेश चौधरी, धर्मेन्द्र गुर्जर, करण गुर्जर ने कथा श्रवण की।


