– 7-8 महीने से चल रहा था कारोबार, पुलिस कर रही है जांच
भिण्ड, 22 अक्टूबर। शहर में 40 दिन में रकम दोगुनी करने का लालच देकर निवेश कराने वाले अरोरा एक्स ऐप का पिछले 7-8 महीने से चल रहे कारोबार का कार्यालय बंद हो गया है और 14 अक्टूबर से ट्रांजेक्शन अटकने के बाद निवेशकों में रोष है।
जानकारी के अनुसार भिण्ड शहर में अरोरा एक्स ऐप के जरिए पिछले सात से आठ महीने से निवेश कराया जा रहा था। लोगों को 40 दिन में पैसा दोगुना करने का लालच देकर रकम लगाने के लिए प्रेरित किया गया। शुरुआत में इस कारोबार का दैनिक लेनदेन लाखों रुपए तक होने की बात सामने आई थी। पिछले कुछ दिनों में इसका कारोबार बढ़कर करोड़ों रुपए प्रतिदिन तक पहुंचने की चर्चा है। हालांकि कुल निवेश, लेनदेन और निवेशकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विगत 14 अक्टूबर से ट्रांजेक्शन अटकने और कार्यालय बंद होने के बाद निवेशकों को अपनी रकम वापस मिलने की चिंता सताने लगी है। सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कारोबार से जुड़े जिम्मेदार लोगों के उपलब्ध नहीं होने की शिकायतों के बीच निवेशक अपनी रकम फंसने की आशंका से सिटी कोतवाली और देहात थाना पुलिस के पास पहुंच रहे हैं। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
नोटिस के जवाब के बाद पुलिस की पड़ताल
जानकारी के मुताबिक सिटी कोतवाली और देहात थाना पुलिस ने कारोबार से जुड़े जिम्मेदार लोगों को नोटिस जारी किए थे। इनमें से एक नोटिस का जवाब हाईकोर्ट के वकील के माध्यम से पुलिस को दिया गया है। पुलिस अब मिले जवाब और निवेशकों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। साइबर टीम ऐप से जुड़े नेटवर्क, बैंक खातों और लेनदेन का ब्यौरा जुटा रही है। पुलिस लेनदेन सहित अन्य जानकारियां जुटाकर पूरे मामले की विवेचना कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


