– क्रेशर से आने वाले भारी वाहनों और सड़क किनारे खड़े ऑटो-हाथठेलों से बिगड़ रहे हालात, हादसों का भी खतरा
भिण्ड, 20 अक्टूबर। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में नेशनल हाईवे-719 स्थित हनुमान चौराहे के आस-पास यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। बहादुरपुर क्षेत्र के क्रेशरों से गिट्टी भरकर आने वाले भारी वाहन, औद्योगिक इकाईयों में कार्यरत कर्मचारियों के वाहन, ऑटो और हाथठेले सड़क किनारे खड़े होने के साथ ही अतिरिक्त वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है। इससे आम नागरिकों, वाहन चालकों और औद्योगिक इकाइयों में आने-जाने वाले कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
हालात यह हैं कि हनुमान चौराहे से लेकर आसपास के मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन यातायात में बाधा बनते हैं, वहीं भारी वाहनों के निकलने के दौरान जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
थाने में स्टाफ की कमी, ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय स्तर पर पुलिस स्टाफ की कमी के चलते नियमित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में परेशानी होने की बात सामने आती है। ऐसे में सवाल उठता है कि औद्योगिक क्षेत्र के इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात को सुचारु बनाने के लिए स्थाई व्यवस्था कब की जाएगी? हरिराम की कुइया से लेकर एसआरएफ तिराहे तक पूर्व में कई घटनाएं घटित हो चुकी हैं। इसके बावजूद इस मार्ग पर व्यवस्थित ट्रैफिक प्रबंधन की जरूरत महसूस की जा रही है।
ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग
स्थानीय लोगों की मांग है कि संबंधित अधिकारी नेशनल हाईवे-719 हनुमान चौराहा, हरिराम की कुईया, एस आर एफ तिराहा मालनपुर पर यातायात का दबाव देखते हुए ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था करें। साथ ही सड़क किनारे बेतरतीब खड़े होने वाले ऑटो, हाथ ठेलों और अन्य वाहनों के लिए निर्धारित स्थान तय किया जाए तथा भारी वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित किया जाए। समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो जाम के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहेगा। अब देखना यह है कि संबंधित अधिकारी इस समस्या से जनता को निजात दिलाने के लिए कब तक कदम उठाते हैं।


