– फाइनल में ग्वालियर को हराकर जीती ट्रॉफी
भिण्ड, 19 अक्टूबर। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा ग्वालियर में आयोजित संभागीय अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता में भिण्ड जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल का प्रदर्शन करने वाली भिण्ड टीम ने शिवपुरी और मुरैना की चुनौती को पीछे छोड़ते हुए फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद खिताबी मुकाबले में मेजबान ग्वालियर की मजबूत टीम को पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
भिण्ड टीम की इस उपलब्धि पर जिले में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन को विभिन्न खेल एवं सामाजिक संगठनों की ओर से बधाई दी जा रही है। चौ. दिलीप सिंह फाउण्डेशन के अध्यक्ष चौ. राकेश सिंह चतुर्वेदी, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष चौ. मुकेश सिंह, जिला खेल अधिकारी जीवन सिंह जादौन तथा क्रिकेट प्रशिक्षक रवि कटारे ने विजेता टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने विश्वास जताया कि भिण्ड के खिलाड़ी परकदेश और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार जिले का नाम रोशन करेंगे। खेल प्रेमियों और वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ियों ने भी विजेता टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


