– एसडीएम गोहद के नेतृत्व में जांच दल ने मौ में की कार्रवाई
भिण्ड, 19 अक्टूबर। कलेक्टर पवन कुमार जैन एवं अपर कलेक्टर राजन बी. नाडिया के निर्देशानुसार एसडीएम गोहद विकास कैमोर के नेतृत्व में जांच दल द्वारा तरौली रोड मौ स्थित कृष्णा डेयरी पर छापामार कार्रवाई की गई। जांच दल में तहसीलदार मौ, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी, किरण सेंगर तथा पुलिस बल शामिल रहे।
कार्रवाई के दौरान डेयरी परिसर में लगभग 400 लीटर दूध, 100 किलो मावा, रिफाइंड पामोलिन, घी, चूना की डिब्बियां सहित विभिन्न सामग्री भी पाई गई। डेयरी में रिफाइंड पामोलिन एवं चूना पदार्थ जैसे अपद्रव्य पाए गए। डेयरी के प्रोपराइटर श्रीकृष्ण यादव से दूध, मावा, रिफाइंड पामोलिन, घी, चूना पदार्थ के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत जांच हेतु लिए गए। इसके अतिरिक्त मावा 100 किलो, रिफाइंड पामोलीन 110 लीटर, घी 193 लीटर एवं चूना की 168 डिब्बियां मौके पर जब्त की गईं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत एक लाख 82 हजार रुपए बताई गई है। डेयरी का खाद्य लाइसेंस निलंबित किया गया।


