– जिला कौशल समिति (डीएससी) की बैठक आयोजित
भिण्ड, 19 अक्टूबर। जिला कौशल समिति (डीएससी) की बैठक कलेक्टर पवन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें जिले में कौशल विकास एवं रोजगार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर राजन बी नाडिया, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र भिण्ड सुरेश गोस्वामी, महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मालनपुर बीएल मरकाम, प्राचार्य शा. संभागीय आईटीआई भिण्ड पुष्कर बंसल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर पवन कुमार जैन ने निजी आईटीआई में अध्ययनरत प्रशिक्षणार्थियों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति के संबंध में निर्देशित कर कहा कि उपस्थिति के सत्यापन तथा प्रशिक्षणार्थियों के कौशल की गुणवत्ता की जांच के उपरांत ही छात्रवृत्ति स्वीकृत की जाए। इस हेतु प्राचार्य आईटीआई जिम्मेदार अधिकारी रहेंगे। उन्होंने महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र भिण्ड एवं मालनपुर को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना एवं अप्रेंटिसशिप में अपेक्षित प्रगति लाने हेतु उद्योग प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की जाए तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने आईटीआई में प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष जोर दिया। प्राचार्य आईटीआई को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण कार्य को गंभीरता से लेकर उद्योगों की मांग के अनुरूप पूर्ण कराया जाए। साथ ही होटल मैनेजमेंट, सिक्योरिटी गार्ड ट्रेनिंग, ड्राइविंग ट्रेनिंग आदि नए रोजगारोन्मुखी व्यवसाय हेतु ट्रेनिंग प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए। बैठक में प्राचार्य आईटीआई द्वारा जिले में संचालित शासकीय एवं निजी आईटीआई में प्रवेश की स्थिति तथा मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना, एनएपीएस एवं कॉल कारीगर ऐप के संबंध में जानकारी दी गई।


