– समय सीमा की बैठक आयोजित
भिण्ड, 19 अक्टूबर। समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक कलेक्टर पवन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के विभागवार निराकरण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों, विभिन्न आयोगों से संबंधित शिकायतों, स्वामित्व योजना, समग्र ई-केवाईसी तथा अन्य विभागीय विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर पवन कुमार जैन ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभाग अपने यहां लंबित शिकायतों का गंभीरता से निराकरण करें। कोई भी शिकायत नॉन अटेंड नहीं रहे, शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित कर कहा कि शिकायतों को अटेंड करना हमारा दायित्व है, कोशिश करके समय सीमा में उनका निराकरण कराएं ताकि 50 दिवस और 100 दिवस से ऊपर की शिकायतों में ना जाने पाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतें संतुष्टिपूर्ण के साथ-साथ निम्न गुणवत्ता वाली श्रेणी में नहीं आनी चाहिए; इसके लिए आवश्यक कार्रवाई प्रभावी एवं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत समय-सीमा से बाहर हुए प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लोकसेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने समस्त पटवारियों को इस कार्य में सक्रिय रूप से लगाने के एसडीएम और तहसीलदार को निर्देश दिए। उन्होंने समग्र से आधार ई-केवाईसी की समीक्षा कर सभी सीईओ जनपद और सीएमओ को निर्देशित किया कि समग्र ई-केवाईसी को प्राथमिकता से करें ताकि लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में विभिन्न विभागों के समयावधि पत्रों एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निराकरण गंभीरता और प्राथमिकता के साथ किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई पूर्ण करने पर जोर दिया। बैठक में सीईओ जिला पंचायत वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर राजन बी.नाडिया, एसडीएम अटेर विनोद सिंह, एसडीएम लहार प्रदीप मिश्रा सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


