– मंत्री राकेश शुक्ला ने कवियों का किया सम्मान
भिण्ड, 19 अक्टूबर। मेहगांव में नवरात्रि के अवसर पर शनिवार की रात नवदुर्गा शक्ति संगठन द्वारा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। साहित्य, संस्कृति और काव्य की रसधारा से सराबोर इस आयोजन में हजारों की संख्या में श्रोताओं ने उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
हास्य, व्यंग्य, ओज, श्रृंगार और संवेदनाओं से सजी कविताओं ने श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा और पूरा आयोजन तालियों की गूंज से गुंजायमान होता रहा। नवदुर्गा शक्ति संगठन पिछले 20 वर्षों से नंदकिशोर व्यास के मार्गदर्शन एवं संचालन में नवरात्रि के दौरान भव्य झांकी का आयोजन करता आ रहा है। इसी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जो साहित्य प्रेमियों और नगरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सभी कवियों का सम्मान कर साहित्य और काव्य जगत के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। संचालन अभिषेक व्यास ने किया।
मंच पर सुयश श्रीवास्तव, पलक सिकरवार, शिवम सिंह सिसोदिया और कल्पेश प्रजापति ने अपनी-अपनी रचनाओं की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। कवियों की ओजपूर्ण, भावपूर्ण और मनोरंजक रचनाओं ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया एवं भावनात्मक एवं प्रेरणादायी काव्यपाठ ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इस गरिमामय आयोजन में मेहगांव नगर के वरिष्ठ नागरिकों, गणमान्य व्यक्तियों, पत्रकारों और साहित्य प्रेमियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में नवदुर्गा शक्ति संगठन के सदस्यों और सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं मेहगांव थाना पुलिस द्वारा की गई सुरक्षा व्यवस्था के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।


