– खनेता धाम में धरती संस्था ने जन समुदाय को दिलाई बाल विवाह रोकने की शपथ
भिण्ड, 19 अक्टूबर। धरती संस्था भिण्ड द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान अंतर्गत धर्म गुरूओं, धार्मिक प्रतिनिधियों से सहयोग हेतु अपेक्षा की गई। इस हेतु धरती संस्था के जिला समन्वयक शशिकांत शर्मा टीम सहित खनेता धाम पहुंचकर संत रामभूषण दास से आशीर्वाद प्राप्त किया। तत्पश्चात वहां उपस्थित जनों को बाल विवाह की रोकथाम हेतु शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर संत रामभूषण दास ने कहा कि हमारा जिला बाल विवाह से मुक्त हो, इसके लिए हम बाल विवाह को रोकने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए अपनी सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी निभाएंगे। हम किसी भी ऐसे विवाह में धार्मिक अनुष्ठान, आशीर्वाद या प्रत्यक्ष/ अप्रत्यक्ष सहयोग नहीं देंगे, जिसमें विवाह योग्य आयु पूरी न हुई हो। विवाह से पूर्व हम परिवारों को वर एवं वधू की आयु संबंधी आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं कानूनी आयु सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि हम अपने धार्मिक मंचों, प्रवचनों सामुदायिक बैठकों एवं अन्य अवसरों पर बाल विवाह के दुष्परिणामों और बच्चों के अधिकारों के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे। साथ ही हम अपने समुदाय में यह संदेश फैलाएंगे कि बाल विवाह न तो सामाजिक परंपरा है और न ही बच्चों के हित में है।
इस मौके पर जिला समन्वयक शशिकांत शर्मा, ब्लॉक समन्वयक राजवीर सिंह, जन अभियान परिषद् से सरिता चौहान, नूतन ग्रामोत्थान समिति से रामअवतार गौर, स्वास्थ्य विभाग से नेतराम, आशा पर्यवेक्षक छीमका शशि तोमर, मीरा देवी आशा, गुड्डी आशा, कल्पना तोमर आशा खनेता सहित जन समुदाय से लोग उपस्थित रहे।


