– वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान को लेकर विशेष डीएलसीसी बैठक आयोजित
भिण्ड, 19 अक्टूबर। जिले में वित्तीय समावेशन की प्रमुख योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन हेतु 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक विशेष संतृप्ति अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के लिए कलेक्टर पवन कुमार जैन की अध्यक्षता में विशेष जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें जिला पंचायत सीईओ वीरसिंह चौहान, अग्रणी जिला प्रबंधक जितेन्द्र कुमार, सहायक प्रबंधक मेधा शर्मा, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के प्रतिनिधि एवं जिले में कार्यरत सभी बैंकों के जिला समन्वयक उपस्थित रहे।
कलेक्टर पवन कुमार जैन ने निर्देशित किया कि विशेष संतृप्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी ग्राम पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को शिविर के प्रचार-प्रसार एवं ग्रामीणों को पंजीयन हेतु प्रेरित करने के लिए लगाया जाए। उन्होंने महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र को निर्देशित किया कि जिले की सभी औद्योगिक इकाईयों एवं कारखानों में कार्यरत श्रमिकों, कर्मचारियों और डिलीवरी कर्मियों का प्राथमिकता के आधार पर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में अनिवार्य रूप से इनरोलमेंट कराया जाए।
कलेक्टर ने बैठक के दौरान कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाएं गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हर पात्र नागरिक को सुरक्षा बीमा और बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना है। बैठक में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के प्रतिनिधि द्वारा अवगत कराया कि जिले में लगभग 270 स्थानों पर उनकी सीधी पहुंच व नेटवर्क मौजूद है। विभाग अपने विस्तृत नेटवर्क के माध्यम से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में शिविरों को सफल बनाने हेतु पूर्ण योगदान देगा। अग्रणी बैंक प्रबंधन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक अपनी नजदीकी ग्राम पंचायत अथवा नगरीय वार्ड में आयोजित होने वाले शिविरों में उपस्थित होकर शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं।


