– भिण्ड में सड़क सुरक्षा को लेकर नगर पालिका सक्रिय
भिण्ड, 19 अक्टूबर। ग्वालियर के शीतला माता मन्दिर क्षेत्र में हुए दुर्घटना जैसे हादसों की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए भिण्ड नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्टर पवन कुमार जैन के निर्देश पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेन्द्र चक्रवर्ती ने लश्कर रोड पर लंबे समय से टूटे पड़े बैरियल का स्थल निरीक्षण किया। कलेक्टर जैन ने सीएमओ वीरेन्द्र चक्रवर्ती को निर्देश दिए थे कि भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने हेतु लगे बैरियल, जो कि वर्तमान में टूटा हुआ है उसकी शीघ्र मरम्मत कराई जाए तथा उसे रात्रि के समय व्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से खड़ा करने की कार्य योजना तैयार की जाए।
सीएमओ वीरेन्द्र चक्रवर्ती, उपयंत्री के साथ मौके पर पहुंचे और बैरियल की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मरम्मत में आवश्यक सामग्री तथा रात्रि में बैरियल सुरक्षित रूप से स्थापित करने की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। यह कदम शहर में भारी वाहनों के नियंत्रित प्रवेश और दुर्घटनाओं से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नगर पालिका प्रशासन की यह पहल नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क हादसों के जोखिम को कम करने के लिए उठाया गया सकारात्मक कदम है।


