– एरियर की मांग को लेकर उप जिलाधिकारी को दिया ज्ञापन
भिण्ड, 19 अक्टूबर। नगर पालिका परिषद भिण्ड के कार्यरत कर्मचारियों श्रमिकों को 2024 से बकाया एरियर का भुगतान 7 दिवस के अंदर करने एक अप्रैल एवं एक अक्टूबर 2026 से बढ़ा हुआ वेतन अक्टूबर माह में जोड़कर दिया जाए। नगर पालिका में पिछले 5 वर्ष या उससे अधिक समय से कार्यरत श्रमिकों को पदोन्नति कर स्थाई कर्मचारी घोषित करो, सफाई कर्मचारियों को हाथों के दस्ताने सदा गर्म वर्दी माह के प्रथम सप्ताह में वेतन देने की मांग को लेकर इंडियन ट्रेड यूनियंस सीटू जिला कमेटी ने भिण्ड जिलाधीश के नाम उप जिलाधिकारी प्रदीप मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि नगर पालिका कर्मचारियों की सोमवार से शुक्रवार तक ऑनलाइन उपस्थित दर्ज होती है, जिसका ही उन्हें वेतन मिलता है, लेकिन शनिवार को ऑनलाइन उपस्थित दर्ज नहीं होती, इसलिए शनिवार को काम कराने की कोई मजदूरी नहीं मिलती। उप जिलाधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और शीघ्र निराकरण करने का आश्वासन दिया।
सीटू जिला महासचिव अनिल दौनेरिया ने कहा कि भिण्ड नगर पालिका परिषद दशहरा पर जलने वाला रावण का पुतला भिण्ड से 500 किमी दूर बनवाने के लिए फिजूलखर्ची के लिए पैसा है लेकिन भिण्ड नगर पालिका परिषद में कार्यरत श्रमिकों को एरियर समय पर वेतन वर्दी देने के लिए धन अभाव बना हुआ है। 7 दिवस में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया गया। 16 अक्टूबर को उक्त ज्ञापन मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं जिला श्रम पदाधिकारी को भी दिया जा चुका है। प्रतिनिधि मण्डल में जिला सचिव नदीम खान, भवन निर्माण यूनियन के अध्यक्ष नरेश भटनागर, नीरज, रंजीत, लालजी, बंटी, विनोद, जितेन्द्र, दिलीप, विवेक, आकाश, दीपक, रवी आदि उपस्थित रहे।


