– तीन दिन में एक खाते से निकले 12 लाख, दूसरे खाते से भी उड़ाई 2.63 लाख की रकम
भिण्ड, 19 अक्टूबर। दबोह नगर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। अज्ञात ठग ने नगर के वार्ड क्र.8 निवासी एक व्यक्ति के यूको बैंक के दो खातों से धोखाधड़ी कर कुल 14 लाख 63 हजार 70 रुपए 80 पैसे निकाल लिए। खाते से इतनी बड़ी रकम गायब होने की जानकारी लगते ही पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नं.1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर दबोह पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नगर के मेन रोड वार्ड क्र.8 निवासी रविन्द्र सिंह चावला पुत्र गुरमुख सिंह चावला उम्र 56 वर्ष ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके यूको बैंक के दो खातों से अज्ञात व्यक्ति द्वारा धोखाधड़ी कर रुपए निकाल लिए गए हैं। शिकायत के आधार पर साइबर पोर्टल से ई-जीरो एफआईआर थाना दबोह पहुंची। इसके बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता को थाने बुलाकर पूछताछ की तथा उनके कथन दर्ज किए। पहले खाते से 12 लाख, दूसरे से 2.63 लाख रुपए निकले।
पीड़ित रविन्द्र सिंह चावला ने पुलिस को बताया कि उनके यूको बैंक के एक खाते से 3 अक्टूबर से 5 अक्टूबर 2026 के बीच कुल 12 लाख 47 रुपए 20 पैसे निकल गए। वहीं दूसरे बैंक खाते से 6 अक्टूबर को 2 लाख 63 हजार 23 रुपए 60 पैसे की राशि निकाल ली गई। इस प्रकार दोनों खातों से कुल 14 लाख 63 हजार 70 रुपए 80 पैसे की रकम निकल गई। पीड़ित का कहना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैंक खातों से धोखाधड़ी कर यह राशि निकाली है।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए दबोह पुलिस ने साइबर हेल्पलाइन पोर्टल से प्राप्त ई-जीरो एफआईआर एवं शिकायतकर्ता के कथनों के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


