– स्वामित्व रजिस्ट्री में लापरवाही पर एसडीएम लहार की कार्रवाई
भिण्ड, 19 अक्टूबर। जिले के लहार में स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री कार्य में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों पर लहार एसडीएम प्रदीप मिश्रा ने सख्ती दिखाते हुए दो पटवारियों को निलंबित कर दिया, जबकि आठ पटवारियों को सेवा समाप्ति के प्रस्ताव संबंधी नोटिस जारी किए हैं।
यह कार्रवाई एसडीएम को क्षेत्र भ्रमण के दौरान मिली शिकायतों और राजस्व कार्यों की समीक्षा के बाद संबंधित पटवारियों पर कार्रवाई की गई है। खास बात यह है कि नोटिस पाने वाले आठ पटवारी अभी अपनी परिवीक्षा अवधि भी पूरी नहीं कर सके हैं। एसडीएम ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
इन पटवारियों पर हुई कार्रवाई
एसडीएम प्रदीप मिश्रा ने पटवारी संजीव पाठक और अरविन्द श्रीवास्तव को निलंबित किया है। वहीं रविन्द्र कुशवाहा, योगेन्द्र अनिल, अमित भदौरिया, विकास कुशवाहा, रामकरण तोमर, भानुप्रताप जादौन, विजय कौशल और प्रमोद नरवरिया को सेवा समाप्ति के प्रस्ताव संबंधी नोटिस जारी किए गए हैं। इन कर्मचारियों के खिलाफ स्वामित्व रजिस्ट्री के काम में लापरवाही को लेकर कार्रवाई की गई है। एसडीएम ने संकेत दिए हैं कि शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी कामकाज की निगरानी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


