– फोटोकॉपी कराने दबोह बाजार आई थी किशोरी
भिण्ड, 19 अक्टूबर। दबोह थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी को महज 12 घण्टे के अंदर खोज निकालने में सफलता हासिल की है। किशोरी के अचानक लापता होने से परेशान परिजनों ने दबोह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाश शुरू की थी।
जानकारी के अनुसार दबोह थाना अंतर्गत ग्राम जगदीशपुरा निवासी वीर सिंह दोहरे की 16 वर्षीय पुत्री चाहना दोहरे घर से दबोह बाजार में फोटोकॉपी कराने के लिए आई थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वह वापस घर नहीं पहुंची। परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास एवं रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसी बीच किशोरी की साइकिल दबोह थाने के पास मिलने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई। परेशान पिता ने दबोह थाने पहुंचकर पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही सक्रीय हुई पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए दबोह पुलिस ने किशोरी की तलाश शुरू की। दबोह पुलिस के अनुसार उसे रूर सरकार की पुलिया के पास से दस्तयाब किया। पुलिस के प्रयास से महज 12 घण्टे के भीतर लापता किशोरी को खोज निकाला गया। किशोरी के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली। वहीं किशोरी के लापता होने के कारणों एवं अन्य परिस्थितियों को लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक जांच की जा रही है।

