– चिकित्सकों ने दिए आवश्यक परामर्श
लहार/भिण्ड – रावतपुरा सरकार संस्कृत विद्यालय रावतपुरा सरकार धाम में छात्रों के स्वास्थ्य एवं उत्तम जीवन के प्रति जागरूकता को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लहार बीएमओ डॉ. विजय शर्मा द्वारा विद्यालय के समस्त छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान चिकित्सक द्वारा छात्रों के सामान्य स्वास्थ्य, शारीरिक स्थिति, वजन सहित स्वास्थ्य से जुड़े आवश्यक बिंदुओं की जांच की गई। जांच के दौरान छात्रों को व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए खान-पान, नियमित दिनचर्या, साफ-सफाई तथा स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित आवश्यक सुझाव एवं परामर्श भी प्रदान किया गया। बीएमओ लहार डॉ. विजय शर्मा ने छात्रों को स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से पौष्टिक आहार लेने, पर्याप्त नींद लेने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिवार की ओर से डॉ. विजय शर्मा एवं उनकी चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय परिवार ने कहा कि विद्यार्थियों के स्वस्थ रहने से उनके अध्ययन एवं सर्वांगीण विकास पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ऐसे स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम छात्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहा तथा छात्रों ने भी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लिया। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी छात्रों के स्वास्थ्य एवं जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही।


