– ग्रामीण जिला कांग्रेस की टीम छात्र-छात्राओं और युवाओं से कर रही सीधा संवाद
भिण्ड। युवा सपनों की उड़ान और छात्रों की आवाज़ को नई पहचान देने के उद्देश्य से ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामशेष बघेल के नेतृत्व में 9 सितंबर से भिण्ड जिले की विभिन्न तहसीलों, ब्लॉकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में छात्र-छात्राओं और युवाओं से सीधा संवाद अभियान चलाया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा स्कूल, कोचिंग संस्थानों एवं खेल मैदानों में पहुंचकर युवाओं से संवाद किया जा रहा है। इस दौरान युवाओं को 19 सितंबर को भारत जोड़ो मैदान, रीजनल पार्क के सामने, राजीव गांधी सर्किल के पास इंदौर में शाम 5 बजे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संवाद कार्यक्रम से जुड़ने, उनकी बात सुनने और सहभागी बनने का संकल्प दिलाया जा रहा है।
ग्रामीण कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति है। छात्रों और नौजवानों की आवाज़ को मंच और नई पहचान देने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार उनके बीच पहुंच रहे हैं। 19 सितंबर को इंदौर में होने वाला संवाद युवाओं की अपेक्षाओं और उनके मुद्दों को सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि कॉलेजो के छात्र छात्राए एवं युवा इंदौर कार्यक्रम में शामिल होगे और स्कूल के छात्र- छात्राए एवं कम उम्र के युवाओं के लिए जिले के समस्त ब्लॉक स्तर पर एलईडी टीवी लगवाई जाएगी जिससे वह कार्यक्रम से लाईव जुड़ सकेंगे इसके लिए सभी ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देशित किया जा चुका है। अभियान के दौरान सोनू सिंह, व्हाट्सएप ग्रुप जिला कॉर्डिनेटर संदीप बघेल सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


