सांसद ने अधिकारियों और समाजसेवियों के साथ की मुक्तिधाम परिसर सफाई
भिण्ड। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को सुबह धर्मपुरी मुक्तिधाम परिसर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। जिसमें सांसद संध्या राय ने अधिकारियों और समाज सेवियों के साथ मुक्तिधाम परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा, जिला पंचायत सीईओ वीर सिंह चौहान, अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय, सीएमओ भिण्ड वीरेन्द्र चक्रवर्ती सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
स्वच्छता अभियान के दौरान कचरा एवं अपशिष्ट हटाकर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित किया गया। जिला प्रशासन एवं नगर पालिका ने नागरिकों से आह्वान किया कि सेवा संकल्प को केवल एक दिवसीय अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत बनाया जाए। प्रत्येक नागरिक अपने घर, गली, मोहल्ले और वार्ड को अपना समझकर स्वच्छता बनाए रखने में योगदान दें। कचरा पृथक्करण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, पॉलिथीन के उपयोग में कमी तथा जल एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे प्रयासों को भी दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाया जाए। सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित भिण्ड के संकल्प को साकार किया जा सकता है।


