– देहात थाना क्षेत्र में अटेर रोड की घटना
भिण्ड। देहात थाना क्षेत्र में अटेर रोड स्थित बैंक कर्मचारी के सूने घर का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेत करीब 10 से 15 लाख रुपए का सामान चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान घर के सदस्य ग्वालियर गए हुए थे। चोरों के घर में घुसने और बाहर निकलने के फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
अटेर रोड निवासी हरबंस सिंह भदौरिया छतरपुर में बैंक कर्मचारी हैं। वह पिछले करीब एक महीने से पत्नी के साथ छतरपुर में रह रहे थे, जबकि उनका बेटा भिण्ड में रहता है। इसी दौरान हरबंस सिंह के बड़े भाई के अचानक बीमार होने पर उनका बेटा-बहू भी ग्वालियर चले गए। घर सूना होने का फायदा उठाकर चोरों ने ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। परिवार के अनुसार चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य सामान समेत करीब 10 से 15 लाख रुपए का माल ले गए। चोरी के बाद घर के अंदर सामान बिखरा मिला। इसके अलावा चोरों ने पास में रहने वाले खिरिका निवासी विकास शर्मा और उनके पड़ोसी शेरसिंह तोमर के घर के ताले भी तोड़े। उन दोनों घरों से कितना सामान चोरी हुआ है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। वारदात की जानकारी के के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में तीन संदिग्ध चोर घर में घुसते और वारदात के बाद बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और तलाश कर रही है।


